मंदसौर शहर के शुक्ला चौक क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
.
बता दें कि 21 वर्षीय साहिल अय्यूब शाह निवासी मदारपुरा अपने साथियों के साथ एक चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अमन नामक युवक वहां पहुंचा और ‘घूरकर देखने’ की बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने साहिल पर चाकू से कई वार कर दिए।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए रहीम मुन्ना शाह पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
तीन महीने पहले हुई थी शादी परिजनों के अनुसार, साहिल की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। वह रविवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि जल्द लौट आएगा, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर पहुंच गई, जिससे परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी को यह शक था कि साहिल उसे घूरकर देखता है, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
दरगाह में छिपा था, भागते समय घायल वारदात के बाद आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से होते हुए एक दरगाह में छिप गया। पुलिस को सूचना मिलने पर जब टीम वहां पहुंची तो आरोपी भागने की कोशिश में गड्ढे में कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में जारी है।
हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी अमन आमीन शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर उसे दबोच लिया गया। आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें…
घूरकर देखने पर दोस्तों के सामने चाकू मारकर हत्या, शव के पास रोती रही मां
मंदसौर जिले में घूरकर देखने पर चाय पी रहे युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक पर चाकू से कई वार किए। सीने में गहरे घाव हुए और अधिक खून बहने से मौके पर मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के शुक्ला चौक का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल पिता अय्यूब शाह, निवासी मदारपुरा के रूप में हुई है। हमले में रहीम (पिता मुन्ना शाह) भी घायल हुआ। आरोपी ने उसके हाथ और अन्य जगहों पर वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पूरी खबर पढ़िए…