भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंदसौर में जिला स्तरीय कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में हुआ। जिसमें सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित कलेक्टर अदिती गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जिला संयोजक आदिम जाति विभाग अंगुरबाला भगोरा शामिल हुए। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारत के संविधान को एक सशक्त, व्यवस्थित और समावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। आज भारत जिस शक्ति और प्रतिष्ठा के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। संविधान में निहित समानता, न्याय और विकास की भावना ही देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी प्रेरणा मिली
पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध हुआ है। डॉ. अंबेडकर ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिसके कारण आज देश विकास की दिशा में अग्रसर है। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। यही डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि और सम्मान
कार्यक्रम के अंत में आदिम जाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।
Source link