भिंड जिला अभिभाषक संघ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के शामिल हुए, जिन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उद्बोधन में न्यायमूर्ति फड़के ने कहा कि बार और बेंच का समन्वय न्याय व्यवस्था की रीढ़ है। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं और न्याय दिलाने की प्रक्रिया में समान रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित पदाधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है कि वे न केवल अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करें, बल्कि समाज को भी सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कर्तव्यों के प्रति समर्पण का संकल्प है। पारदर्शिता, ईमानदारी और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए ही संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके पश्चात कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एस बारिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि अभिभाषक संघ न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव कार्यकारिणी निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी तथा आमजन को शीघ्र और सुलभ न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जितेन्द्र शर्मा, जेपी मिश्रा, प्रेम सिंह भदौरिया सहित उच्च न्यायालय ग्वालियर के अतिरिक्त महाधिवक्ता भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नव कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Source link