Last Updated:
वरुण चक्रवर्ती इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुक्रवार 17 अप्रैल को यह कामयाबी हासिल की. टीम को इस सीजन लगातार 5वीं हार का सामना करना पड़ा इसलिए वरुण की ये उपलब्धि फीकी पड़ गई.
वरुण चक्रवर्ती केकेआर के लिए आईपीएल में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के जीत का खाता अब तक नहीं खुला है. 6 मैच खेलने के बाद टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा है. वरुण चक्रवर्ती ने शुक्रवार, 17 अप्रैल को आईपीएल में केकेआर के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनकर रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया. तमिलनाडु के इस स्पिनर ने गुजरात टाइटंस की पारी में जोस बटलर को आउट कर कोलकाता के लिए विकटों का शतक पूरा किया.
वरुण कुल मिलाकर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज हैं. केकेआर के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड सुनील नरेन के नाम है. वेस्टइंडीज के इस दिग्गज स्पिनर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ चल रहे मैच में खेलते हुए 194 आईपीएल मैचों में 196 विकेट लिए हैं. उनके बाद आंद्रे रसेल का नाम आता है. रसेल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 133 मैचों में 122 विकेट लेकर अपना आईपीएल करियर पूरा किया.
आईपीएल में एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी नरेन के नाम है. वेस्टइंडीज के इस पूर्व स्पिनर ने 2012 में आईपीएल डेब्यू के बाद से अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 194 मैच खेले हैं और 196 विकेट लिए हैं. भारत के जसप्रीत बुमराह 150 आईपीएल मैचों में मुंबई इंडियंस के लिए 183 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं.
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती इस सीजन के शुरुआती तीन मैचों में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक भी विकेट नहीं ले पाए थे. 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार ओवर में 48 रन दिए, 2 अप्रैल को एसआरएच के बल्लेबाजों ने उनके दो ओवर में 31 रन बनाए और 14 अप्रैल को सीएसके के खिलाफ तीन ओवर में 26 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें