देवास में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर विद्युत कंपनी सिटी डिविजन के कर्मचारियों ने रैली निकाली। कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ठेका और आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहे शोषण का मुद्दा उठाया और सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें उचित वेतन दिया जाए। साथ ही श्रम कानूनों का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई। बिचौलिया प्रथा खत्म करने की मांग कर्मचारियों ने 8 घंटे से अधिक काम पर नियमानुसार अतिरिक्त भुगतान देने और वेतन सीधे विभाग से दिलाने की मांग की, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो सके। संघ ने बिना ठोस कारण और जांच के कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की प्रथा पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होनी चाहिए। जिला अध्यक्ष कुलदीपसिंह राजपूत ने बताया कि कर्मचारियों ने दुर्घटना बीमा की राशि 20 लाख रुपए करने सहित अन्य मांगें भी उठाईं। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link