आग की आड़ में 44 लाख की कपास पार: साजिश रचने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, एक हफ्ते मे पलटा मामला – Chhindwara News

आग की आड़ में 44 लाख की कपास पार:  साजिश रचने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, एक हफ्ते मे पलटा मामला – Chhindwara News




छिंदवाड़ा: जिले के भुमका घाटी में एक सप्ताह पहले ट्रक में आग लगने की घटना अब साजिश निकली है। अमरवाड़ा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 44 लाख रुपए कीमत की कपास हड़पने के लिए ट्रक में आग लगाकर घटना को हादसा दिखाने की योजना बनाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि कपास से भरा ट्रक पहले बैतूल में पलट गया था। इसके बाद आरोपियों ने कपास को चोरी-छिपे दूसरे ट्रक में लोड कर इंदौर रवाना कर दिया और खाली ट्रक को भुमका घाटी में ले जाकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक और कपास जब्त कर ली है। थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे के मुताबिक, 15 अप्रैल को देवेन्द्र मालवीया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रक बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे कपास में आग लग गई और पूरा माल जल गया। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद कपास मालिक तेलंगाना निवासी भारत चमनवार को बुलाकर दस्तावेजों की जांच की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कपास महाराष्ट्र के वर्धा से पश्चिम बंगाल भेजी जा रही थी। ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपियों ने 140 गठान कपास दूसरे ट्रक में भेज दी थी और खुद के ट्रक में आग लगा दी थी। ये आरोपी गिरफ्तार:
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर देवेन्द्र मालवीया (निवासी बड़वाह, खरगोन), मस्तराम उर्फ राम पटेल, सुमित पंडित और आमिर खान (निवासी बड़वानी) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में शामिल टीम:
मामले के खुलासे में टीआई राजेन्द्र धुर्वे, एसआई विजेन्द्र मार्को, एएसआई पवन यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह, आरक्षक करण रघुवंशी और राजेन्द्र बघेल की अहम भूमिका रही।



Source link