हरदा में 1.14 करोड़ से तैयार हो रहे चार पार्क: ओपन जिम और गार्डनिंग का काम जारी, पेवर ब्लॉक से तैयार हुए वॉकिंग पाथ – Harda News

हरदा में 1.14 करोड़ से तैयार हो रहे चार पार्क:  ओपन जिम और गार्डनिंग का काम जारी, पेवर ब्लॉक से तैयार हुए वॉकिंग पाथ – Harda News




हरदा नगर पालिका ने शहर के 36 पार्कों में से 20 पार्कों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है। पहले चरण में अमृत 2.0 योजना के तहत चार पार्कों का विकास किया जा रहा है। इस परियोजना पर कुल सवा करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन पार्कों में महाराणा प्रताप कॉलोनी पार्क, विजयाराजे सिंधिया पार्क, त्रिमूर्ति कॉलोनी पार्क और वृंदावन कॉलोनी का पार्क शामिल हैं। ये पार्क जल्द ही संबंधित क्षेत्र के लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। सीएमओ कमलेश पाटीदार ने बताया कि इन चारों पार्कों के विकास पर कुल 1.14 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रत्येक पार्क के लिए लगभग 4.30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इन पार्कों में बच्चों के लिए झूले और फिसलपट्टी सहित अन्य उपकरण लगाए गए हैं। पार्कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए चारों ओर पेवर ब्लॉक टाइल्स बिछाई गई हैं, जिससे लोग मॉर्निंग वॉक कर सकेंगे। सभी चार पार्कों में गार्डनिंग का काम जारी है, ताकि सुबह-शाम लोग ताजी हवा के बीच कुछ समय बिता सकें। पौधों में पानी देने के लिए ट्यूबवेल भी लगाए गए हैं। इन पार्कों की देखरेख के लिए स्थानीय लोगों की समिति बनाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि वे आमजन की सुविधाओं का ध्यान रख सकें। लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम की मशीनें भी स्थापित की गई हैं। हरियाली बढ़ाने के लिए नए फूल और छायादार पौधे लगाए जा रहे हैं। आगामी दो महीने के भीतर ये चारों पार्क पूरी तरह तैयार कर दिए जाएंगे। इससे आसपास के लोगों को सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि शहर में एकमात्र नेहरू पार्क में गर्मियों के दिनों में काफी भीड़ हो जाती है। नेहरू पार्क के अलावा शहर में मनोरंजन का कोई दूसरा साधन नहीं है। इसी कमी को पूरा करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से इन चार पार्कों को विकसित किया जा रहा है।



Source link