नाच रहे बारातियों पर सिरफिरे ड्राइवर ने दौड़ा दिया ट्रैक्टर, दूल्हा बग्गी से नीचे कूदा

नाच रहे बारातियों पर सिरफिरे ड्राइवर ने दौड़ा दिया ट्रैक्टर, दूल्हा बग्गी से नीचे कूदा


Last Updated:

Guna News: जैसे ही ट्रैक्टर बारात के बीच घुसा, वहां अफरा-तफरी मच गई. बग्गी के पास ट्रैक्टर को आता देख दूल्हे ने सूझबूझ दिखाई और बग्गी से नीचे छलांग लगा दी. बाराती भी इधर-उधर भागने लगे, तभी…

Zoom

बारातियों के बीच ट्रैक्टर लेकर घुसा चालक.

Guna News: गुना जिले के म्याना कस्बे में बीती रात खौफनाक घटना घटी, जिसने खुशी के माहौल को दहशत से भर दिया. साइड नहीं देने की मामूली सी बात पर एक ट्रैक्टर चालक ने अपना आपा खो दिया और उग्र होकर नाचते-गाते बारातियों पर भारी-भरकम ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की. इस दौरान बग्गी पर सवार दूल्हे ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि बारातियों में भगदड़ मच गई.

सदर बाजार में मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे ग्राम चतराई से धाकड़ समाज की एक बारात म्याना आई थी. बारात गाजे-बाजे के साथ सदर बाजार से म्याना चौराहे की ओर बढ़ रही थी. तभी म्याना निवासी अंकित भदौरिया अपना अर्जुन महिंद्रा 4&4 (605) ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा. बारात के कारण ट्रैक्टर को निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा था. कुछ देर इंतजार के बाद चालक अंकित आपा खो बैठा और बारातियों से अभद्रता करने लगा. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में चालक ने अपना ट्रैक्टर सीधे भीड़ की ओर दौड़ा दिया.

दूल्हे ने बग्गी से लगाई छलांग, बाराती भागे
जैसे ही ट्रैक्टर बारात के बीच घुसा, वहां अफरा-तफरी मच गई. बग्गी के पास ट्रैक्टर को आता देख दूल्हे भूपेंद्र धाकड़ ने सूझबूझ दिखाई और बग्गी से नीचे छलांग लगा दी. मौके पर मौजूद नरेश धाकड़ और धर्मवीर धाकड़ सहित अन्य बारातियों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई. आरोप है कि जब बारातियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी अंकित भदौरिया गालियां देने लगा और धमकी दी कि आज तो बच गए, आइंदा नहीं बचोगे.

पुलिस ने जब्त किया ट्रैक्टर
घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में धाकड़ समाज के लोग और बाराती म्याना थाने पहुंचे. फरियादी बलवीर सिंह धाकड़ निवासी ग्राम चतुराई की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी के ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैक्टर चालक की दबंगई साफ देखी जा सकती है.

पुलिस के पास भी वायरल वीडियो
म्याना थाना प्रभारी बृजमोहन सिंह भदौरिया ने बताया, मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटना से संबंधित वायरल वीडियो भी पुलिस के पास उपलब्ध है. आरोपी अंकित भदौरिया को पकड़ लिया गया है और उसका ट्रैक्टर जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link