नीमच में रविवार को सूरज ने अपने तेवर और कड़े कर लिए हैं। जिले में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन-चार दिनों तक जिले में भीषण लू यानी हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि अब रातें भी तपा रही हैं। रात के तापमान में 2 डिग्री की बढ़त हुई है, जिससे अब रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर टिका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान और यूपी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से नीमच और मंदसौर में गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ेगा। मई की शुरुआत में मिल सकती है राहत तपती धूप के बीच राहत की खबर यह है कि 29 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बदलाव आ सकता है। अनुमान है कि मई के पहले हफ्ते में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी। डॉक्टर की सलाह- 12 से 3 बजे तक बचें भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एम. पाटिल ने एडवाइजरी जारी की है- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बुजुर्गों और बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखें। ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे चेहरे को स्कार्फ या गमछे से ढंककर खुद को लू से बचा रहे हैं। शहर में गन्ने के रस, लस्सी और छाछ की दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। दोपहर के समय लू की वजह से बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है।
Source link