1 लाख में खरीदी ‘बेटी’, फिर हाईवे पर छोड़ा! श्योपुर में मिली बच्ची का केस खुला

1 लाख में खरीदी ‘बेटी’, फिर हाईवे पर छोड़ा! श्योपुर में मिली बच्ची का केस खुला


Last Updated:

Sheopur Girl Child News: 18 अप्रैल को श्योपुर के हाईवे पर मिली 2 साल की मासूम बच्ची के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जांच में पता चला कि राजगढ़ के एक दंपति ने इस बच्ची को 1 लाख रुपये में खरीदा था. फिर लावारिस छोड़ दिया था. पुलिस ने दंपति और बिचौलिया पार्लर संचालिका समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Zoom

श्योपुर में मिली बच्ची के मामले में गिरफ्तार दंपति.

रिपोर्ट: अमित शर्मा

Sheopur News: श्योपुर पिछले दिनों हाईवे किनारे मिली एक मासूम बच्ची की गुत्थी को श्योपुर पुलिस ने सुलझा लिया है. यह मामला सिर्फ बच्ची को छोड़ने का नहीं, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाले सौदेबाजी और तस्करी से जुड़ा है. पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बच्ची को खरीदने वाला दंपति भी शामिल है.

क्या है पूरा मामला?
18 अप्रैल को श्योपुर जिले के सोईकलां गांव के पास हाईवे किनारे एक 2 साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली थी. बच्ची को इस तरह सड़क पर पड़ा देख हर कोई दंग था. पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीमें गठित कीं. पुलिस की मेहनत रंग लाई और सोशल मीडिया के जरिए बच्ची की केयरटेकर से संपर्क हुआ. यहीं से इस पूरी साजिश के तार जुड़ते चले गए.

1 लाख रुपये में हुआ था सौदा
पुलिस की पूछताछ में जो सच सामने आया, वह चौंकाने वाला है. राजगढ़ के रहने वाले आकाश मकुंडा और उसकी पत्नी कृतिका को एक बेटी की चाहत थी. इसके लिए उन्होंने गलत रास्ता चुना. उन्होंने इंदौर की एक पार्लर संचालिका के जरिए इस बच्ची का सौदा किया. जानकारी के अनुसार, इस बच्ची को उसके असली माता-पिता ने जन्म के महज 6 दिन बाद ही बेच दिया था. आकाश और कृतिका ने इस बच्ची के लिए 1 लाख रुपये चुकाए थे.

बेटी की चाहत बनी ‘कलह’ की वजह
आकाश और कृतिका बच्ची को घर तो ले आए, लेकिन उनकी खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिकीं. बच्ची के घर आने के बाद से ही पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगे. घर में गृह कलह इतना बढ़ गया कि उन्होंने मासूम से पीछा छुड़ाने का मन बना लिया. पुलिस के मुताबिक, दंपति ने योजना बनाई कि वे बच्ची को कहीं दूर छोड़ देंगे.

तिरुपति यात्रा के दौरान किया कांड
दंपति जब तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी उन्होंने श्योपुर के सोईकलां गांव के पास हाईवे पर बच्ची को लावारिस छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए. उन्हें लगा कि वे पकड़े नहीं जाएंगे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया की मदद से उन्हें धर दबोचा.

6 गिरफ्तार, अभी कई राज खुलने बाकी
पुलिस ने इस मामले में बच्ची को खरीदने वाले दंपति के अलावा, इंदौर की पार्लर संचालिका और दो अन्य महिलाओं सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है.

पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं. अभी सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्ची के असली माता-पिता कौन हैं और उन्होंने उसे क्यों बेचा? पुलिस उनकी भी सरगर्मी से तलाश कर रही है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link