छिंदवाड़ा में हीटवेव, 42.4 डिग्री पहुंचा पारा: अगले 48 घंटे में हल्की बारिश के आसार; दिन में झुलसा रही गर्म हवाएं – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में हीटवेव, 42.4 डिग्री पहुंचा पारा:  अगले 48 घंटे में हल्की बारिश के आसार; दिन में झुलसा रही गर्म हवाएं – Chhindwara News




छिंदवाड़ा जिले में भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चल रहीं गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया है, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वर्तमान में हीटवेव के असर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। रात में 24.5 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान, दिन में सड़कों पर सन्नाटा गर्म हवाओं का असर अब दिन के साथ-साथ रात के तापमान पर भी दिखने लगा है। शनिवार रात जिले का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी उमस और गर्मी का अहसास बना रहा। रविवार सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन धूप और लू के असर में कोई कमी नहीं आई। झुलसाती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बार-बार बदल रहा मौसम का मिजाज, हीटवेव का असर रहेगा जारी जिले में इस साल मौसम का पैटर्न असामान्य बना हुआ है। इससे पहले फरवरी और मार्च में भी कई बार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा था। मार्च के अंत तक भी मौसम लगातार बदलता रहा और अब अप्रैल के आखिरी दिनों में भी यही सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन हीटवेव (लू) का प्रकोप लगातार बना रहेगा।



Source link