महेश्वर में सीएम मोहन यादव का खरीदी केंद्र निरीक्षण: हर केंद्र पर 6 तौलकांटे लगाने के निर्देश दिए; किसानों से बात की – Khargone News

महेश्वर में सीएम मोहन यादव का खरीदी केंद्र निरीक्षण:  हर केंद्र पर 6 तौलकांटे लगाने के निर्देश दिए; किसानों से बात की – Khargone News




मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन जिले के महेश्वर दौरे के दौरान गुरुवार को कतरगांव खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं जानीं और घोषणा की कि अब हर खरीदी केंद्र पर 6 तौलकांटे लगाए जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री ने केंद्र पर ऑनलाइन व्यवस्था, बारदानों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों के साथ चाय पी और उनसे खेती-बाड़ी व दूध उत्पादन के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान अब जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर अपनी उपज बेच सकते हैं। निर्देश- 6 तौलकांटे सुनिश्चित किए जाएं
डॉ. यादव ने कलेक्टर भव्य मित्तल को निर्देश दिए कि प्रत्येक खरीदी केंद्र पर 6-6 तौलकांटे सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने छाया, बैठक व्यवस्था, बारदाने, हम्माल, तुलावटी, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कूपन, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण, तथा उपज की साफ-सफाई के लिए पंखा और छन्ना जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। सरकार ने गेहूं खरीदी के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। अब 50 प्रतिशत चमकविहीन गेहूं की खरीदी की जा सकेगी। इसके अलावा, 6 से 10 प्रतिशत तक सिकुड़े दाने और 6 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त दानों की सीमा भी बढ़ाई गई है। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए अब तक 9.83 लाख किसानों ने 60.84 लाख मीट्रिक टन गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक किए हैं। वर्तमान में, 5 लाख 8 हजार 657 किसानों से 22 लाख 70 हजार मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हो चुका है। पिछले साल कुल 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ था, जबकि इस साल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है।



Source link