सिंगरौली जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की। यह कार्रवाई खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में की गई। इसमें सहायक खनि अधिकारी राम सुशील चौरसिया, राजस्व अमला और पुलिस चौकी सासन, थाना कोतवाली बैढ़न की टीम शामिल थी। टीम ने ग्राम सासन और टूसाखांड की सीमा पर स्थित रिहंद जलाशय के डूब क्षेत्र में दबिश देकर लावारिस हालत में रखी गई रेत को जब्त किया। जब्त की गई रेत को नियमानुसार रेत ठेकेदार को सुपुर्द कर दिया गया है। इस प्रकरण में खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। यह बीते एक सप्ताह के भीतर खनिज और पुलिस विभाग द्वारा की गई तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसमें अवैध रेत भंडारण पकड़ा गया है। अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया, “अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।” प्रशासन की इन लगातार कार्रवाइयों से अवैध रेत कारोबारियों पर दबाव बढ़ा है।
Source link