नरसिंहपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को जंगली सूअरों ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर चार लोगों को गंभीर घायल कर दिया। घायलों में बम्हनी परतापुर के दामाद-ससुर, खपड़ी खमरिया का एक युवक और मलकुही ढाना का एक अधेड़ शामिल है। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। खेत में काम कर रहे दामाद-ससुर पर हमला बम्हनी परतापुर गांव में सुबह 60 वर्षीय जगदीश परतेती और उनके दामाद राकेश मरावी खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कुत्तों द्वारा खदेड़ा गया एक सूअर खेत में घुस आया और राकेश पर हमला कर दिया। दामाद को बचाने पहुंचे जगदीश को भी सूअर ने घायल कर दिया, जिससे दोनों के शरीर और पैर में गहरे घाव आए हैं। बाइक से टकराया सूअर, युवक घायल स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के खपड़ी खमरिया में 18 वर्षीय ब्रजेश धानक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए। शेढ़ नदी धमना पुल के पास उनकी बाइक के सामने अचानक जंगली सूअर आ गया। टक्कर के बाद ब्रजेश सड़क पर गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई हैं। शौच के लिए गए व्यक्ति को लहूलुहान किया सुआतला थाना क्षेत्र के मलकुही ढाना निवासी 50 वर्षीय रामजी ठाकुर पर उस समय हमला हुआ जब वे सुबह खेत की ओर गए थे। जंगली सूअर ने पीछे से हमला कर उनकी जांघ और शरीर के पिछले हिस्से को बुरी तरह जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा की मांग जंगली जानवरों के बढ़ते मूवमेंट और लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से जंगली सूअरों के आतंक पर अंकुश लगाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस और प्रशासन को भी घटनाओं की सूचना दी गई है।
Source link