खरगोन में साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था विविधा अपना 31वां आयोजन कल (2 मई) करने जा रही है। इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदवी गौरव सम्मान 2026 नाजिया इलाही खान को प्रदान किया जाएगा। हिंदी गीत विधा का अखिल भारतीय विद्यापति सम्मान गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना को मिलेगा। इसके अतिरिक्त, नर्मदा परिक्रमा साइकिल से करने वाली कवयित्री शारदा ठाकुर को ओंकारेश्वर नर्मदा सम्मान 2026 से नवाजा जाएगा। संस्था के संस्थापक डॉ. शंभूसिंह मनहर ने बताया कि यह कार्यक्रम रात 8 बजे स्वामी विवेकानंद स्कूल मैदान में आयोजित होगा। इसमें मुंबई के प्रसिद्ध कवि और कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वार्षिक स्मारिका “निमाड़ स्तवन 2026” का विमोचन भी किया जाएगा। इस वर्ष स्मारिका का विषय “निमाड़ के संत” है, जिसमें निमाड़ अंचल के साधु-संतों का विस्तृत वर्णन उपलब्ध होगा। कवि सम्मेलन में मुंबई से डॉ. अनीता आनंद, गीतकार मुकेश शांडिल्य, बालाघाट से हास्य कवि अंतू झकास और नागपुर से सरिता सरोज काव्य पाठ करेंगी। संस्था के अध्यक्ष डॉ. विराज भालके ने बताया कि कार्यक्रम में 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डॉ. भागीरथ कुमरावत, बाबूलाल महाजन, रणजीत डंडीर, प्रकाश रत्नपारखी, जितेंद्र सुराणा, परसराम चौहान, शालिनी रतोंरिया, अनिल रघुवंशी और नितिन मालवीय सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी।
Source link