Last Updated:
Mauganj News: मऊगंज जिले के चर्चित हनीट्रैप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पूर्व जनपद उपाध्यक्ष का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाली मुख्य आरोपी युवती और उसके प्रेमी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया गया है.
मऊगंज हनीट्रैप केस में बड़ी कार्रवाई,
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में कुछ दिन पहले सामने आए चर्चित हनीट्रैप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवती और उसके कथित प्रेमी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे.पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक की. इसके बाद उड़ीसा में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया गया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर मऊगंज लाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी.
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी युवती के मोबाइल फोन में कई अन्य लोगों के कथित आपत्तिजनक वीडियो और सामग्री मौजूद हो सकती है. पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. माना जा रहा है कि इस जांच के बाद हनीट्रैप गिरोह के कई और राज सामने आ सकते हैं.प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह खासतौर पर प्रभावशाली और रसूखदार लोगों को निशाना बनाता था. पहले दोस्ती और नजदीकियां बढ़ाई जाती थीं, फिर गुप्त रूप से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था.इसके जरिए बड़ी रकम वसूली की जाती थी.
आरोपी युवती और प्रेमी उड़ीसा से गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है. इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है. इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. आने वाले दिनों में इस हनीट्रैप नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.