Last Updated:
जबलपुर के बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं. हादसे को चक्रवात से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि पूरी सच्चाई जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी, वहीं पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है.
mohan-yadav
मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में बरगी बांध पर हुए क्रूज हादसे के बाद राज्य सरकार एक्शन मोड में आ गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा चक्रवात के कारण हुआ है. इसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
सीएम ने 1 मई को मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना के तुरंत बाद पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और एसीएस संजय दुबे सहित प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा गया. साथ ही राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया. अब तक 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
मृतकों के परिजनों को 4 लाख सहायता
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बचाव दल ने बेहद तत्परता से काम किया.उन्होंने बताया कि टीम ने क्रूज को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकीं। सीएम ने घोषणा की कि इस साहसिक कार्य के लिए रेस्क्यू टीम के सदस्यों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है.
अभी तक 29 लोगों की बची जान
राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं. फिलहाल बरगी बांध क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.यह घटना न केवल प्रशासनिक सतर्कता की परीक्षा बनकर सामने आई है, बल्कि जल पर्यटन सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर रही है. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे हादसे की असली वजह सामने आ सके.
हाई लेवल जांच समिति गठित
मध्यप्रदेश में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा. उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. सीएम ने बताया कि इस हादसे में अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी त्रासदी है, लेकिन समय पर शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से और अधिक जनहानि टल गई.
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सीएम मोहन यादव ने कहा कि उन्होंने स्वयं पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. साथ ही, बचाव कार्य में लगे कर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए 51,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है. इसके अलावा स्थानीय लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने मुश्किल समय में साहस और सहयोग का परिचय दिया.घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जो तीन प्रमुख पहलुओं पर विस्तृत जांच करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जांच के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक मजबूत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार की जाएगी.