छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। सेमरा पुल पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान राम मिलन सौर (22) निवासी राजा बिलहरा खुरखी और विशाल सौर (21) निवासी पापेट छानबीला (दोनों जिला सागर) के रूप में हुई। इन दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। सागर से शाहगढ़ जा रहे थे
गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक गोविंद सौर निवासी बरखेरी सागर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया था। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। ये तीनों युवक सागर से शाहगढ़ की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही बकस्वाहा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link