रतलाम के आलोट के विक्रमगढ़ में एक 22 वर्षीय युवक शुक्रवार रात से गायब है। शनिवार दोपहर तक युवक का पता नहीं चला है। परिजनों ने कुछ युवकों पर किडनैप की आशंका जताई है। परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पर पहुंचे है। पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर युवक की तलाश में जुटी है। लापता युवक का नाम मनीष माली पिता दिनेश माली निवासी वार्ड 14 विक्रमगढ़ है। युवक अपने पिता के साथ हम्माली करता है। शुक्रवार शाम को पिता व बेटा काम कर एक साथ घर पहुंचे थे। रात करीब 10.30 बजे बेटा मनीष बाजार जाने का कहकर घर से निकला। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने बेटे को रातभर तलाश किया, नहीं मिला। सुबह पिता व अन्य परिजन आलोट थाने पहुंचे। पिता की रिपोर्ट पर आलोट थाना पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है। डेढ़ साल पहले हुआ विवाद, पड़ोसी युवक पर शक युवक के पिता का कहना है करीब डेढ़ साल पहले बेटे का विक्रमगढ़ में रहने वाले मयंक नामक युवक से शादी-समारोह में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मयंक मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला है। विक्रमगढ़ में वह अपने नाना के घर पर रहता है। पिता ने मयंक व इसके तीन-चार साथियों पर डरा-धमकाकर व मारपीट कर सफेद रंग की कार में जबरजस्ती बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। कुछ युवकों को हिरासत में लिया परिजनों द्वारा बताए गए कुछ नामों के बाद मयंक समेत कुछ युवकों को पुलिस ने पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की एक टीम एक युवक को लेकर उज्जैन जिले के महिदपुर की तरफ गई है। बताया जा रहा है कि जिन युवकों को पुलिस ने पकड़ा है उनमें से कुछ ने अपने मोबाइल रिसेट कर दिए है। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर जांच में जुटी है। आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि अपहरण का केस दर्ज किया है। परिजनों ने जिन लोगों के नाम बताए थे, उनसे पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फूटेज समेत अन्य सारे तथ्यों को ध्यान रख युवक की तलाश की जा रही है।
Source link