नई दिल्ली. भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है जबकि उप कप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना संभालेंगी. हरलीन देओल को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर कर दिया गया है जबकि फुलमाली को उनकी जगह टीम में मौका मिला है. हरलीन को टी20 विश्व कप में न चुने जाने पर बोलते हुए चीफ सेलेक्टर अमिता शर्मा ने कहा, ‘मध्य क्रम में फुलमाली बेहतर विकल्प हैं. हरलीन टीम में शामिल हैं, वो टेस्ट टीम में हैं. लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए फुलमाली बेहतर विकल्प हैं.’
हाल में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में खेलने वाली ऑलराउंडर काश्वी गौतम चोट के कारण टीम से बाहर हो गई हैं. उनके साथ ही अमनजोत कौर और पूजा वस्त्रकार भी टीम में नहीं हैं. टीम ने उनकी जगह कुछ नई खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिन्होंने महिला प्रीमियर लीग में अपनी पहचान बनाई है. नंदिनी शर्मा ने डब्ल्यूपीएल में धमाकेदार शुरुआत की और इस साल गुजरात जायंट्स के खिलाफ हैट्रिक ली. उन्हें टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने 10 मैचों में 17 विकेट लिए हैं. इसके अलावा भारती फुलमाली भी एक फिनिशर के रूप में मौजूद हैं, जिन्होंने डब्ल्यूपीएल में 140 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 119 रन बनाए हैं.
इस बीच, कुछ खिलाड़ी लंबे समय तक चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं. यस्तिका भाटिया बैकअप विकेटकीपर और ओपनर के रूप में लौटी हैं, जो किसी खिलाड़ी की अनुपस्थिति में उनकी जगह ले सकती हैं. श्रेयांका पाटिल भी वापस आई हैं, जो स्पिन आक्रमण को मजबूती देंगी. इस साल आरसीबी के लिए खेलते हुए उन्होंने साबित कर दिया कि वह पूरी तरह फिट हैं और भारत के लिए खेलने को तैयार हैं. 9 मैचों में उन्होंने 9.01 की इकॉनमी से 11 विकेट लिए.
भारत की टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम इस प्रकार है: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव
साल 2025 भारतीय महिला क्रिकेट के लिए सुनहरे अक्षरों में लिखा गया. जब टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की. वह जीत न केवल एक उपलब्धि थी, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की बढ़ती ताकत का प्रमाण भी थी. उस ऐतिहासिक सफलता की गूंज के साथ भारतीय महिला टीम की नजरें अपने अगले बड़े मिशन पर टिकी हैं. 2026 का टी20 वर्ल्ड कप. क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर अपना वर्चस्व साबित करने के लिए भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह से तैयार हैं.
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी
विश्व कप के महासंग्राम से पहले टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी. भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 28 मई, 2026 से होगी. यह सीरीज न केवल परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का एक मौका होगी, बल्कि विश्व कप से पहले अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन को चुनने की एक अंतिम परीक्षा भी होगी.
भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगा
विश्व कप में भारतीय टीम का अभियान बेहद रोमांचक होने वाला है. टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत एक बेहद हाई-वोल्टेज मुकाबले से होगी. 14 जून, 2026 को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत का सामना अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।. यह मुकाबला न केवल अंकों की दौड़ में महत्वपूर्ण है, बल्कि दोनों देशों के प्रशंसकों के लिए भावनाओं और जुनून का ज्वार भी लेकर आता है.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान.
भारत 25 जून को बांग्लादेश से भिड़ेगा
पाकिस्तान के बाद भारतीय टीम का अगला पड़ाव लीड्स है. जहां 17 जून को उनका मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा. इसके बाद, टीम को दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम का सामना करने के लिए मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान का रुख करना होगा. यह मैच 21 जून को खेला जाएगा. 25 जून को उसी मैदान पर भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जहां उन्हें अपनी लय को बरकरार रखना होगा.
भारत ग्रुप चरण के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से टकराएगा
ग्रुप चरण का अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण मुकाबला 28 जून को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा, जहा भारत की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी. क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह मुकाबला निश्चित रूप से पूरे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा. भारतीय टीम के कप्तान और कोच इस बात से भली-भांति परिचित हैं कि टी20 फॉर्मेट में हर गेंद अपना महत्व रखती है. हालांकि टीम के पास अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन मिश्रण है, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ निरंतरता बनाए रखना ही जीत की कुंजी होगी. 2025 की वनडे वर्ल्ड कप जीत ने देश में एक नई ऊर्जा का संचार किया है. अब करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदें एक बार फिर अपनी ‘ब्लू ब्रिगेड’ के साथ जुड़ी हैं, जिन्हें भरोसा है कि यह टीम इंग्लैंड की सरजमीं पर भी तिरंगा फहराने में सक्षम है.