Last Updated:
जबलपुर के बरगी जलाशय में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर बड़ी कार्रवाई की है. कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गाज गिरी है
बरगी क्रूज हादसे में बड़ी कार्रवाई
जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे के बाद मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे में लापरवाही के आरोपों के चलते कई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है, वहीं अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए गए हैं.जानकारी के अनुसार, क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं. इन पर आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ है.
इसके अलावा होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है. वहीं, रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.सूत्रों के मुताबिक, हादसे के बाद से ही प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे ऐसे में उच्च अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए थे. जांच के शुरुआती निष्कर्षों में लापरवाही के कई पहलू सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है.
बरगी क्रूज हादसे में मैनेजर निलंबित
इस बीच, अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.यदि अन्य किसी की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.बरगी क्रूज हादसे ने न केवल प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जरूरत भी उजागर की है. अब यह उम्मीद की जा रही है कि इस कार्रवाई के बाद भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे.इस पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके.