सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। मोहनिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मृतक की पहचान आधरवार निवासी लालमन त्रिपाठी (65) के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में धर्मगुरु के पद से सेवानिवृत्त थे। जानकारी के अनुसार, लालमन अपनी एक्टिवा (क्रमांक MP 19 MU 7617) से गांव से कोटर की ओर जा रहे थे। मोहनिया बूढ़ा के पास सामने से आ रही कार (क्रमांक MP 17 CB 1377) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर सभापुर टीआई शंखधर द्विवेदी और कोटर टीआई दिलीप त्रिपाठी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। जाम खुलने के बाद मृतक के शव को बिरसिंहपुर अस्पताल भेजा गया, जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link