Last Updated:
सिवनी मालवा के नर्मदा तट स्थित बाबरी घाट पर यात्रियों की जान से खिलवाड़ का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. बिना सुरक्षा इंतजाम के नाव संचालन और ओवरलोडिंग के वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर के निर्देश पर घाट का रास्ता तक बंद करा दिया गया है
Narmada’s Babri Ghat
मध्य प्रदेश के सिवनी मालवा स्थित नर्मदा नदी के बाबरी घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी. जिसमें नाव संचालकों द्वारा बिना किसी सुरक्षा मानक के यात्रियों को नदी पार कराते हुए देखा गया. इस वीडियो के वायरल होते ही नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
जानकारी के मुताबिक, बाबरी घाट से लोग करीब 40 किलोमीटर का लंबा रास्ता बचाने के लिए नाव के जरिए नदी पार करते हैं. इसी सुविधा का फायदा उठाकर कुछ नाव संचालक नियमों की अनदेखी करते हुए यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नावों में तय क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया जा रहा था. जिससे हादसे की आशंका लगातार बनी रहती थी.
नर्मदा के बाबरी घाट पर सख्ती
वायरल वीडियो में यह भी सामने आया कि नावों में केवल यात्री ही नहीं, बल्कि ट्रैक्टर, कार और बाइक जैसे भारी वाहनों को भी लादा जा रहा था. हैरानी की बात यह रही कि इन नावों में न तो लाइफ जैकेट की व्यवस्था थी और न ही किसी प्रकार की आपातकालीन सुरक्षा सुविधा मौजूद थी. गोताखोर, अग्निशमन या रेस्क्यू टीम जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी तरह नदारद थीं.मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर देर रात अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल प्रभाव से सभी नाव संचालन और जल क्रीड़ा गतिविधियों को बंद करा दिया गया. इसके साथ ही, बाबरी घाट तक जाने वाले मार्ग को जेसीबी मशीन से खोदकर पूरी तरह बंद कर दिया गया. कोई भी व्यक्ति वहां तक पहुंचकर जोखिम न उठा सके.
नाव संचालन बंद
सिवनी मालवा के एसडीएम ने बताया कि फिलहाल घाट पर सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है. अब विस्तृत सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा. सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने के बाद ही नाव संचालन को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी.प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है, वहीं यह भी साफ संकेत है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.