Last Updated:
Bhopal News: भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने वक्फ की आड़ में अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मिलकर भोपाल में ‘एक शहर, एक कानून’ लागू करने की मांग की. शर्मा ने पुराने भोपाल में देर रात तक चलने वाली दुकानों और नाइट क्लबों पर पाबंदी लगाने पर जोर दिया है.
भोपाल सांसद आलोक शर्मा.
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
Bhopal News: भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने शहर की कानून व्यवस्था और अवैध निर्माणों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि वक्फ बोर्ड के नाम पर की जा रही मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके अलावा शहर बाजारों पर लागू अलग-अगल नियम बदले के लिए भी उन्होंने पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर से मुलाकात की.
‘एक शहर, एक कानून’ की मांग
सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण मांग रखी. उन्होंने कहा कि भोपाल में ‘एक शहर, एक कानून’ की व्यवस्था लागू होनी चाहिए. शर्मा का तर्क है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग नियम नहीं चल सकते. विशेषकर पुराने भोपाल के बाजारों को लेकर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया है.
देर रात तक चलने वाली दुकानों पर आपत्ति
सांसद ने शहर की नाइटलाइफ और देर रात तक खुले रहने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बताया कि पुराने भोपाल में भोर में 4 बजे तक चाय, बिरयानी और मुर्गा बेचा जा रहा है. शर्मा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि इनमें से कई दुकानों पर अनैतिक कार्य भी संचालित हो रहे हैं.
11 बजे तक बंद हों पब और क्लब
भोपाल में बढ़ते नाइट कल्चर पर प्रहार करते हुए सांसद ने कहा कि अब यह सब नहीं चलेगा. उन्होंने मांग की कि शहर के सभी नाइट क्लब और पब रात 11 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद हो जाने चाहिए. कानून का पालन सभी के लिए समान होना चाहिए.
वक्फ बोर्ड पर तीखा बयान
अवैध कब्जों के मुद्दे पर आलोक शर्मा ने विवादित और कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, ‘वक्फ बोर्ड किसी के बाप का नहीं है कि जिसका जहां मन आए, वहां कब्जा कर ले.’ उन्होंने साफ किया कि वक्फ की आड़ में जमीन हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
जीतू पटवारी और कांग्रेस को नसीहत
सांसद ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने पटवारी को इंदौर जाकर राजनीति करने की सलाह दी. शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा अतिक्रमणकारियों का पक्ष लेती है. उनके अनुसार, जब भी प्रशासन अवैध निर्माण हटाता है, कांग्रेस नेता उसे वक्फ की जमीन बताकर बचाव करने पहुंच जाते हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें