जीएसटी इंटेलिजेंस ने मध्य प्रदेश में पान मसाला बनाने वाली अवैध कंपनियों के कई ठिकानों पर छापेमारी कर बेहिसाब कच्चा व तैयार माल जब्त किया है.
जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (DGGI) और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने तीन पान मसाला व तंबाकू कंपनियों के इंदौर, उज्जैन समेत कई जगह मौजूद 16 ठिकानों पर छापेमारी कर बेहिसाब तैयार व कच्चा माल जब्त किया है.
छापेमारी में जब्त किया गया है पान मसाला का बेहिसाब स्टॉक
डीजीजीआई और डीआरआई ने तीन पान मसाला कंपनियों के कार्यालयों, गोदामों तथा अन्य ठिकानों पर छामा मारा. जीएसटी खुफिया महानिदेशालय ने शनिवार को बताया कि इस अभियान के बाद 1.74 करोड़ रुपये के अघोषित तैयार माल, कच्चा माल, 15 मशीनें और 10 ट्रक जब्त कर लिए गए हैं. इनका इस्तेमाल पान मसाला व तंबाकू निर्माण में और तैयार माल एक से दूसरी जगह पहुंचाने में किया गया. इसके अलावा पान मसाला का बेहिसाब स्टॉक भी जब्त किया गया है.
GST evasion amounting to Rs 225 crores was detected in joints raids of Directorate General of GST Intelligence & Directorate of Revenue Intelligence at 16 locations of 3 pan masala & tobacco companies in Madhya Pradesh: Directorate General of GST Intelligence pic.twitter.com/ajvUSMyUaZ
— ANI (@ANI) June 13, 2020
लॉकडाउन में भी अवैध तरीके से की गई पान मसाला की बिक्री
डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस के मुताबिक, इन कंपनियों ने जुलाई 2019 से लेकर मार्च 2020 के बीच अवैध तरीके से पान मसाला बेचकर 225 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की है. इस धोखाधड़ी (Fraud) में कुल जीएसटी चोरी करीब 400 करोड़ रुपये होने का अनुमान है. इन कंपनियों ने अप्रैल और मई 2020 में भी अवैध तरीके से पान मसाला बनाना और बेचने जारी रखा. इस मामले की जांच अभी जारी है. डीजीजीआई ने कहा कि छापेमारी के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस (MP Police) ने भी मदद की.
ये भी पढ़ें- अब भारत की ये कंपनी बनाएगी कोरोना के इलाज में कारगर दवा रेमडेसिवीर! किया करार
पान मसाला की अवैध कमाई छुपाने के लिए बनाईं 8 कंपनियां
भोपाल में डीजीजीआई के अतिरिक्त महानिदेशक ने बताया कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार (Arrested) किया गया है. अब तक की जांच के मुताबिक, धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड ने पान मसाला की अवैध बिक्री से हुई कमाई को छुपाने के लिए रीयल एस्टेट, होटल और मीडिया से जुड़ी 8 कपंनियां बनाई हुई हैं. माना जा रहा है कि आरोपी जीएसटी धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए कई साल से 70 से ज्यादा ट्रकों का इस्तेमाल कर रहे थे. इन ट्रकों पर ‘On Press Duty’ लिखकर मध्य प्रदेश और पड़ोसी राज्यों में पान मसाला, तंबाकू व कच्चे माल की अवैध सप्लाई की जा रही थी.
ये भी पढ़ें-पान मसाला अगले महीने से हो जाएगा महंगा! सरकार बढ़ा सकती है टैक्स
छापेमारी के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक भी पकड़ा गया
डीजीजीआई ने बताया कि ट्रक ड्राइवर्स के पास इंदौर के स्थानीय समाचारपत्र के पहचान पत्र (ID Cards) रहते हैं. इंदौर में छापेमारी के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक (Pakistani Citizen) भी पकड़ा गया है. डीजीजीआई और डीआरआई ने इस पूरे अभियान को ‘कर्क’ नाम दिया था. अभियान के दौरान जबलपुर और भोपाल में बेहिसाब तैयार ब्रांडेड पान मसाला और तंबाकू पकड़े गए हैं. इसके अलावा कच्ची तंबाकू, पैकिंग मैटेरियल, सुपारी भी जब्त की गई है. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग व सुरक्षा उपायों का पूरा ध्यान रखा.
ये भी पढ़ें- PNB में दो सरकारी बैंकों के मर्जर के बाद अब क्या बंद हो जाएंगे करोड़ों ग्राहकों के ATM कार्ड, जानिए जवाब
First published: June 13, 2020, 6:57 PM IST