Last Updated:
Jason Holder take 4 wicke: पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने कमाल की गेंदबाजी की. जेसन होल्डर ने मैच में चार ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट लिए. आखिर के 2 विकेट तो उन्होंने लगातार 2 गेंद में लिए, लेकिन हैट्रिक से वह चुक गए.
जेसन होल्डर ने मैच में लिए 4 विकेट
नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी घातक गेंदबाजी से धूम मचा दी. जेसन होल्डर ने आईपीएल 2026 के 46वें मैच में पंजाब के खिलाफ चार ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके. होल्डर ने अपने स्पेल के आखिरी ओवर में बैक टू बैक दो विकेट लिए थे, जिससे वह हैट्रिक पर आ गए, लेकिन दुर्भाग्य से उस ओवर में उन्हें लगातार तीसरा विकेट नहीं मिल पाया.
बता दें कि होल्डर इस सीजन अपने चौथे मैच में मैदान पर उतरे थे. गुजरात ने शुरू के मैचों में होल्डर को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया था, जिसके कारण ये सवाल भी उठने लगे थे कि आखिर 7 करोड़ रुपए खर्च कर टीम होल्डर का इस्तेमाल क्यों नहीं रही है, लेकिन जैसे ही इस कैरेबियाई गेंदबाज को मौका मिला उन्होंने खुद को साबित कर गुजरात की गेंदबाजी को मजबूती प्रदान की. होल्डर के नाम अब कुल 7 विकेट हो गए हैं.
पंजाब किंग्स ने बनाए मैच में 163 रन का स्कोर
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बहुत ही खराब हुई थी. टीम ने 45 रन के स्कोर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टोइनिस ने मिलकर टीम के स्कोर को 163 रन तक पहुंचाया. सूर्यांश शेडगे ने 29 गेंद में 57 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके भी उड़ाए.
इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 31 गेंद में 40 रनों का योगदान दिया, जबकि मार्को यानसेन ने 11 गेंद में 20 रन बनाया. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने 19 और प्रभसिमरन सिंह ने 15 रनों की पारी खेली. गुजरात की ओर से गेंदबाजी में जेसन होल्डर के अलावा मोहम्मद सिराज ने भी कमाल का प्रदर्शन किया. सिराज ने टीम के लिए 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं कगिसो रबाडा के खाते में 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट आया. इसके अलावा स्पिनर राशिद खान ने भी 1 विकेट झटका.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें