Last Updated:
Satna Neet UG Exam: सतना में रविवार को नीट-यूजी परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई, जहां 7 केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया. परीक्षा के बाद छात्रों ने पेपर को एनसीईआरटी आधारित बताते हुए बायोलॉजी को आसान और फिजिक्स को थोड़ा चुनौतीपूर्ण बताया जिससे रिजल्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
Satna News: सतना जिले में रविवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित नीट-यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सम्पन्न हुई. डॉक्टर बनने का सपना लेकर हजारों अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे जहां उत्साह, घबराहट और उम्मीद का मिक्सचर साफ नजर आया. दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली इस परीक्षा में जिले के 7 केंद्रों पर कुल 2027 पंजीकृत परीक्षार्थियों ने भाग लिया. परीक्षा के बाद बाहर निकलते ही छात्रों के चेहरों पर राहत और चर्चा दोनों देखने को मिली जहां हर कोई अनुभव साझा करता नजर आया.
7 केंद्रों पर हुई परीक्षा
नीट-यूजी परीक्षा शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की गई जिनमें शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय एक्सीलेंस स्कूल व्यंकट-1, पीएमश्री एक्सीलेंस महाविद्यालय गहरा नाला, शासकीय व्यंकट क्रमांक-2, शासकीय एमएलबी स्कूल और केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 शामिल रहे. सभी केंद्रों पर परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं. सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया था. दोपहर 1:30 बजे तक सभी को प्रवेश दे दिया गया था. दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय भी प्रदान किया गया.
तीन चरणों की जांच और हाईटेक सुरक्षा से लैस रहे केंद्र
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई थी. अभ्यर्थियों को तीन चरणों में जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. सबसे पहले पुलिस द्वारा मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई. इसके बाद एनटीए टीम ने बायोमेट्रिक सत्यापन किया. भीड़भाड़ से बचने के लिए प्रत्येक 45 विद्यार्थियों पर एक बायोमेट्रिक मशीन लगाई गई थी. इसके अलावा सभी केंद्रों पर कुल 160 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को रोकने के लिए जैमर भी सक्रिय किए गए थे. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित सभी गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहे. व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर कार्यपालिक दंडाधिकारी भी तैनात किए गए थे.
अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव
लोकल 18 से बातचीत में अभ्यर्थियों ने परीक्षा के स्तर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी. पहली बार परीक्षा दे रहे नीरज कुमार पटेल ने बताया कि पेपर न ज्यादा कठिन था न आसान लेकिन बायोलॉजी अपेक्षाकृत सरल रही और पूरा पेपर एनसीईआरटी आधारित था. वहीं दूसरी बार प्रयास कर रहीं भागवती पटेल ने कहा कि बायो ठीक रही लेकिन फिजिक्स ने थोड़ी परेशानी बढ़ा दी. उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार का पेपर संतुलित था.
पेपर मॉडरेट स्तर का था
तीसरे प्रयास में शामिल रॉबिंसन प्रजापति का कहना था कि पेपर मॉडरेट स्तर का था और जो छात्र पिछले दो-तीन वर्षों से तैयारी कर रहे हैं उनके लिए सफलता की संभावना अधिक है. उन्होंने 2024 और 2025 के पेपर से तुलना करते हुए बताया कि इस बार का पेपर बीच का स्तर लिए हुए था. वहीं एक अन्य छात्रा ने बताया कि फिजिक्स में थ्योरी कम और न्यूमेरिकल्स ज्यादा पूछे गए जिससे समय प्रबंधन थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो गया.
बायोलॉजी ठीक थी
पहली बार परीक्षा देने वाली कवियत्री प्रजापति ने कहा कि बायोलॉजी ठीक थी लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री थोड़ी कठिन लगी. अनुराधा यादव ने भी माना कि इस बार फिजिक्स के न्यूमेरिकल्स कठिन थे लेकिन बायो और केमिस्ट्री आसान रहीं. उन्होंने साफ कहा कि जिसने एनसीईआरटी को अच्छे से पढ़ा है उसके लिए पेपर क्लियर करना संभव है.
अभिभावकों की उम्मीदें
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी देखने को मिली जो अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की कामना कर रहे थे. गंगा राम पटेल ने बताया कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बच्चा डॉक्टर बने और वे केवल जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा सकते हैं असली मेहनत बच्चों को ही करनी होती है. परीक्षा के बाद छात्रों में आत्मविश्वास नजर आया हालांकि फिजिक्स को लेकर अधिकतर अभ्यर्थियों ने चुनौती महसूस की. कुल मिलाकर सतना में नीट-यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई और अब सभी की नजरें परिणाम पर टिकी हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें