जबलपुर क्रूज हादसा, युवक कांग्रेस ने मृतकों को दी श्रद्धांजलि: आलीराजपुर में कहा- लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई और प्रदेश के वॉटर स्पॉट्स की जांच हो – alirajpur News

जबलपुर क्रूज हादसा, युवक कांग्रेस ने मृतकों को दी श्रद्धांजलि:  आलीराजपुर में कहा- लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई और प्रदेश के वॉटर स्पॉट्स की जांच हो – alirajpur News




जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में 13 लोगों की जान जाने के बाद अब प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ गुस्सा फूट रहा है। घटना के विरोध में रविवार शाम आलीराजपुर में युवक कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल की अगुवाई में यह मार्च मुर्गी बाजार चौराहा से शुरू होकर टाकीज चौराहे तक पहुंचा। हाथ में मोमबत्तियां लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय युवा इस मार्च में शामिल हुए। राजीव गांधी प्रतिमा के पास पहुंचकर सभी ने दो मिनट का मौन रखा और हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अफसरों पर कार्रवाई की मांग हादसे पर दुख जताते हुए युवक कांग्रेस नेताओं ने इसे सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही बताया। उनका कहना था कि नाव चलाने में सुरक्षा नियमों की सरेआम अनदेखी की गई। अगर जिम्मेदार कर्मचारी अपनी ड्यूटी ठीक से निभाते और बोट पर सुरक्षा के इंतजाम होते, तो इतने लोगों की जान नहीं जाती। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सुरक्षा व्यवस्था की हो जांच जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने मांग की है कि सरकार मृतकों के परिवारों को न्याय दे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश के जितने भी जल पर्यटन केंद्र (वॉटर स्पॉट्स) हैं, वहां की सुरक्षा व्यवस्था की हाई-लेवल जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा पुख्ता नहीं की गई, तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे। पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना कैंडल मार्च के दौरान युवाओं ने मोमबत्तियां जलाकर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। इस विरोध प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के कई पदाधिकारी और शहर के युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने एक सुर में दोषियों को सजा देने की मांग उठाई।



Source link