टीकमगढ़ के कलेक्टरेट रोड पर रविवार की रात उत्सव भवन मैरिज गार्डन के पास बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक शख्स की जान चली गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया है, हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि उस शख्स ने अपनी साइकिल बिजली के एक खंभे के सहारे खड़ी की थी। इसी दौरान तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और खंभे के पास पानी भर गया। जैसे ही वह अपनी साइकिल लेने पहुंचा और उसे हाथ लगाया, खंभे में उतरे करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट इतना जोरदार था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लापरवाही आई सामने विद्युत कंपनी शहर इंचार्ज नितिन बाथम ने बताया कि उत्सव भवन में चल रहे शादी-ब्याह के कार्यक्रमों के लिए ठेकेदार ने बिजली के खंभे से तार बांध रखे थे। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवा के कारण ये तार खंभे से रगड़ खा गए, जिससे पूरे खंभे में करंट फैल गया। पुलिस और बिजली कंपनी की टीमें अब इस लापरवाही की जांच कर रही हैं। बारिश में बरतें सावधानी इस हादसे के बाद बिजली कंपनी ने लोगों के लिए जरूरी चेतावनी जारी की है। कंपनी ने कहा है कि बारिश और तेज हवा के समय बिजली के पोल, झूलते तारों और गिरे हुए पेड़ों से दूर रहें। अक्सर हवा में उड़कर कोई सामान तारों पर गिर जाता है जिससे करंट फैलने का डर रहता है। कंपनी ने खास तौर पर बच्चों को बिजली के खंभों या खुले तारों के पास न जाने देने की सलाह दी है।
Source link