उज्जैन जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने 18 दिन बाद बदनावर से ढूंढ निकाला है। परिजनों ने 14 अप्रैल 2026 को बड़नगर थाने में बेटी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने बालिका के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। लगातार तलाश के बाद 2 मई को पुलिस को सूचना मिली कि बालिका बदनावर क्षेत्र के चंपेलिया गांव में है। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर बालिका को ढूंढ निकाला। थाने लाकर पूछताछ में बालिका ने बताया कि मोबाइल चलाने पर मां की डांट और मोबाइल छीन लेने से नाराज होकर उसने घर छोड़ दिया था। उसने बताया कि वह बिना किसी को बताए बस से बदनावर पहुंची और वहां एक परिचित के यहां रुक गई थी। पुलिस पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि बालिका के साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।
Source link