जिसने मेरे पति को मारा है मैं चाहती हूं, उसे फांसी दी जाए। मेरे दो बच्चे अनाथ कर दिए। मेरा घर उजाड़ दिया। वह शादी में गए थे, थोड़ी सी कहासुनी पर कोई चाकू मारेगा क्या। इस तरह क्या इंसान की जान ली जाएगी क्या। आज तो किसी का घर बर्बाद हो गया ना उन लोगों की वजह से। मैं चाहती हूं उनको फांसी हो। रोते हुए यह दर्द मृतक आनंद रावत की पत्नी चंचल रावत का था। वह घर के आंगन में टकटकी लगाए अपने परिवार के साथ खड़ी थी, कि मेरा पति तो शादी में गया था, वह आएगा। बूढ़ी मां समेत घर का हर एक सदस्य अपने बेटे को याद करते हुए गमगीन था। रतलाम में बारात के प्रोसेशन में डीजे पर नाचने के दौरान हल्का सा धक्का लगना खूनी संघर्ष में बदल गया। बीच-बचाव में चाकू लगने से दो दोस्त आनंद पिता गोविंद रावत निवासी रेलवे कॉलोनी व शाहबाज उर्फ आशु पिता आफताब खान निवासी पीएनटी कॉलोनी की जान चली गई। एक गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। दोनों मृतकों के दो-दो छोटे बच्चे हैं। दोनों मृतकों के पिता नहीं हैं। घर की जिम्मेदारी भी दोनों के ऊपर थी। घटना के बाद से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने चाकू मारने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर बुलडोजर चलाने व फांसी देने की मांग की है। पुलिस केवल एक जगह पर चाकूबाजी की घटना होने की बात बता रही है, जबकि परिजनों व दोस्तों के अनुसार दो जगहों पर अलग-अलग चाकू मारे गए। सबसे पहले पूरा घटनाक्रम… विवाद जीआरपी थाना क्षेत्र के ओल्ड रेलवे क्वार्टर में रविवार रात हुआ। क्षेत्र के धर्मेंद्र कोली की शादी का प्रोसेशन निकल रहा था। प्रोसेशन में डीजे पर डांस चल रहा था। इस दौरान शादी में शामिल दोस्त रोजर बिन्नी से रोहित खंडकर निवासी लक्ष्मणपुरा को धक्का लग गया। धक्का लगने से विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने व कहासुनी को लेकर शामिल लोगों ने समझा-बूझा कर मामला शांत करवा दिया। प्रोसेशन खत्म होने के बाद फिर हुई चाकूबाजी पुलिस के अनुसार प्रोसेशन खत्म होने के बाद रात 11.30 बजे पीयुष (22) पिता कुंदन रावत निवासी पीएनटी कॉलोनी, अपने चचेरे भाई आनंद रावत, शाहबाज खान उर्फ आशु के साथ ओल्ड रेल्वे क्वार्टर के सामने शंकर मंदिर पर गए थे। वहां पर रोजर बिन्नी आया। उसने कहा कि मेरा मुन्ना और रोहित खण्डकर से विवाद हुआ है। तभी वहां पर मुन्ना, रोहित उसके अन्य साथियों के साथ आया। रोजर बिन्नी से विवाद करने लगे। गालियां देने से मना किया तो मुन्ना ने ईंट से पीयुष के सिर में मारी। आनंद बीच बचाव करने आया तो रोहित ने आनंद को चाकू से सीने व पेट पर हमला किया। शाहबाज बचाने आया तो मुन्ना व रोहित ने उसे भी पीठ पर चाकू मारा। जबकि पीयूष के गले के नीचे की तरफ मुन्ना व रोहित ने चाकू मारा। भाई को बाइक पर लेकर गया…डॉक्टर से बोला-अंकित सर बचो लो… मृतक आनंद के छोटे भाई रोहित बताया कि मैं भी प्रोसेशन में शामिल था। प्रोसेशन खत्म होने के बाद घर की तरफ आ गया। कुछ देर बाद पता चला कि कि भैया का विवाद हो गया है। वहां पहुंचा तो देखा भैया के खून निकल रहा था, उन्हें तुरंत बाइक पर लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के आईसीयू में जब डॉ. अंकित जैन आनंद रावत को सीपीआर दे रहे थे, तब शाहबाज खान वहीं पास में खड़ा था। उसका ध्यान पूरी तरह से अपने दोस्त के ऊपर था। उसे एक प्रर्सेंट का भी ध्यान नहीं था कि उसे भी चाकू लगा है। चूंकि वह डॉक्टर को जानता था तो वह बोलता रहा कि अंकित सर आनंद को बचा लो। इसी दौरान वह खुद बेसुध होकर नीचे गिर गया। परिजनों का कहना 500 मीटर दूर मारा चाकू मृतक आनंद व शाहबाज दोनों दोस्त थे। मृतक आनंद के छोटे भाई रोहित का कहना था कि आरोपी रोहित खंडकर व मुन्ना खंडकर का विवाद रोजर बिन्नी के साथ हुआ था। चचेरे भाई पीयूष, भाई आनंद व शाहबाज का कोई लेना देना नहीं था। विवाद की सूचना पर दोस्त के नाते समझाने गए थे। विवाद करने वाले रोहित व मुन्ना खंडकर से भी कोई दोस्ती नहीं थी। सबसे पहले रोहित व मुन्ना ने पहले पीयूष को चाकू मारा। जब इस बात की जानकारी भाई आनंद व शाहबाज को लगी तो यह बचाने गए। इस दौरान रोहित, मुन्ना के साथ अन्य साथी ओल्ड रेलवे कॉलोनी से भाग गए। तब भैया आनंद व उनके दोस्त शाहबाज उन्हे पकड़ने उनके पीछे ओल्ड कॉलोनी से करीब 500 मीटर दूर तक गए। वहां पर भैया व शाहबाज को चाकू मार दिया। आनंद प्राइवेट फैक्ट्री में करता था काम मृतक आनंद रेलवे कॉलोनी में अपने बड़े भाई जितेंद्र रावत के साथ रहता था। बड़ा भाई रेलवे में अनुकंपा नियुक्ति में रेलवे में पदस्थ है। घर में दोनों का परिवार साथ रहता था। घटना के बाद से घर में आनंद की मां व पत्नी चंचल रावत समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आनंद का एक 4 साल का बेटा व डेढ़ साल की बेटी है। पिता का देहांत हो चुका है। एक छोटा भाई रोहित रावत भी है। आनंद इंडस्ट्रीज एरिया में एक प्राइवेट वायर फैक्ट्री में लेब अस्सिटेंट के रूप में काम करता था। घटना के बाद से पत्नी चंचल के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। वह एक ही बात कह रही थी छोटी से बात पर कोई ऐसे चाकू मार देता है क्या, मेरा घर उजाड़ दिया। मेरे बच्चे अनाथ हो गए। उन्हें फांसी होना चाहिए। शाहबाज रेलवे स्टेशन की पार्किंग पर करता है काम मृतक शाहबाज को सभी आशु कहकर बुलाते थे। पिता आफताब खान प्राइवेट स्कूल की बस चलाते है। घटना के समय वह भी रतलाम में नहीं थे। महाराष्ट्र के नांदेड़ गए थे। सुबह उन्हें भी परिजनों ने घटनाक्रम की जानकारी दी। वे रतलाम के लिए वहां से रवाना हुए। मां का भी काफी समय पहले निधन हो चुका है। पत्नी मायरा का रो-रोकर बुरा हाल था। बात करने की स्थिति में नहीं थी। शाहबाज का एक 5 साल का बेटा व 2 साल की बेटी है। शाहबाज के चाचा तनवीर अहमद ने बताया शाहबाज को सभी आशू कहकर बुलाते थे। कभी किसी से कोई झगड़ा नहीं किया। पहले उसने स्कूल में भी पढ़ाया है। वह तो समझाने गया तो उसे भी चाकू मार दिया। खुद बाइक चलाकर गया चाचा तनवीर खान व अन्य परिजन के अनुसार चाकू लगने के बाद आनंद , पीयूष को दोस्त लोगों जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इस दौरान खुद शाहबाज भी बाइक चलाकर हॉस्पिटल पहुंचा। इस दौरान डॉक्टर अंकित जैन ने आनंद को जैसे ही मृत घोषित किया तो शाहबाज भी डॉक्टर की गोद में गिर गया। तब पता चला कि शाहबाज के पीठ में चाकू लगा था। शाहबाज घर में एकलौता बेटा था। दूल्हें की मां बोली हम नहीं जानते रात में हुए विवाद के बाद बारात भी अजमेर के लिए रवाना हो गई। दैनिक भास्कर की टीम सोमवार दोपहर शादी वाले घर पहुंची। लेकिन आसपास के लोग कोई बात करने के लिए तैयार नहीं थे। घर में से दो महिलाएं बाहर निकली। जब उनसे पूछा तो एक ने दूल्हे की मां थी। नाम पूछने पर विनीता बताया। उनसे विवाद के बारे में पूछा तो उन्होंने मना कर दिया हम किसी को नहीं जानते। बारात चल रही थी उसी दौरान विवाद करते हुए बीच में कौन लोग आए मालूम नहीं। यहां तक उन्होंने साफ मना कर दिया कि हमने उन लोगों को शादी में नहीं बुलाया। पीठ से चाकू कंधे से होते सीने के पास लगा
जिला अस्पताल के डॉक्टर अंकित जैन ने बताया कि आनंद के सीने के ऊपर सीधे चाकू लगा था। चाकू का घाव काफी अंदर तक था। जब उसे हॉस्पिटल लाया गया तो उसके पहले ही मौत हो चुकी थी। हमने हमारा प्रयास करते हुए सीपीआर भी दिया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। इसी दौरान उसका साथी शाहबाज भी पास खड़ा था। अचानक से वह नीचे गिर गया। देखा तो उसे पीठ में चाकू का घाव था। डॉक्टर के अनुसार शाहबाज को चाकू इस तरह से मारा कि कंधे की हड्डी से होते अंदर सीने की तरफ घाव हो गया। इससे शरीर के अंदर की नसे कट गई। वह खुद करीब 1 किमी बाइक चलाकर हॉस्पिटल आया था। पीएम रिपोर्ट के बाद घाव कितना था, उसकी जानकारी मिल पाएगी। पीयूष व शाहबाज का घर पास-पास चाकूबाजी में घायल पीयूष व मृतक शाहबाज का घर पीएनटी कॉलोनी में पास-पास में है। जबकि मृतक आनंद व घायल पीयूष चचेरे भाई है। घायल पीयूष की मां कुसुम रावत बोली मेरे बेटे को बचाने में भाई ने अपनी जान दाव पर लगा दी। 10.5 बजे बेटे से बात हुई थी। मैने कहा था मेरा बीपी कम हो रहा है, मैने चॉकलेट व आइसक्रीम मंगाई थी। तब उसने कहा था मम्मी लेकर आ रहा हूं। 10 मिनट में वह नहीं आया। मेरा बेटा वेंटीलेटर पर है, कैसे कसाई लोग है। मेरे बेटे को मार दिया आनंद की मां को भी रो-रोकर बुरा हाल था। रोते हुए वह कह रही थी मेरे बेटे का क्या कसूर था। उसे मार दिया। जिसने मारा है उसे फांसी दी जाए। दो थाना क्षेत्र से जुड़ा मामला घटनाक्रम दो थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जिस घर से बारात निकली थी, रास्ते में विवाद हुआ, वह स्थान सिटी पुलिस के थाना औद्योगिक क्षेत्र में आता है। जिस जगह चाकू बाजी की पहली घटना हुई वह जीआरपी थाना क्षेत्र है। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के दौरान सभी लक्ष्मणपुरा क्षेत्र की तरफ भागे। वहां पर चाकूबाजी हुई। वह क्षेत्र भी सिटी पुलिस के अंतर्गत आता है। रात में हुए घटनाक्रम के बाद सिटी पुलिस के थाना औद्योगिक पुलिस ने जीरो पर कायमी कर मामला जीआरपी को सौंप दिया। घटना के बाद रेल एएसपी हेमंत चौहान भी सोमवार सुबह रतलाम पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। इसके अलावा एफएसएल टीम ने भी अपनी जांच की। जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार के अनुसार शादी में नाचने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ है। आनंद व शाहबाज की चाकू लगने से मौत हो गई है। दूसरे पक्ष के दो लोग घायल है। आरोपी रोहित खंडकर व मुन्ना खंडकर के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह दोनों भी जिला अस्पताल में भर्ती है। ये भी पढ़ें… रतलाम में डबल मर्डर, नाचने की बात पर चाकूबाजी:बारात में हुआ विवाद, बीच बचाव करने पहुंचे दोनों; आरोपी पक्ष से भी 2 घायल रतलाम के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड रेलवे क्वार्टर में रविवार रात शादी समारोह में नाचने की बात को लेकर हुई चाकूबाजी में दो युवकों की मौत हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। वहीं, आरोपी पक्ष के भी दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ें
Source link