हाेशंगाबाद20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इटारसी जंक्शन पर चलती ट्रेन से उतरते समय 41 वर्षीय महिला यात्री का पैर फिसला और वह प्लेटफाॅर्म व ट्रेन के बीच जा गिरी। ट्रेन रफ्तार पकड़ती उसी समय आरपीएफ कांस्टेबल ने बोगी में चढ़कर चेन खींची और गाड़ी रुकवा दी।
फिर दूसरे आरक्षक की मदद से बोगी के नीचे फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे की है। होशंगाबाद संजय नगर काॅलोनी निवासी महिला अरुणा पति राजू मनाहरे अमृतसर-नांदेर स्पेशल ट्रेन से दिल्ली से इटारसी आ रही थीं। इटारसी आने से पहले उनकी नींद लग गई। ट्रेन इटारसी से रवाना होने लगी तो महिला की नींद खुली। उन्हाेंने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया तो पैर फिसल गया। महिला प्लेटफाॅर्म और ट्रेन के बीच में फंस गई। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रविन्द्र यादव ने तुरंत गाड़ी में चढ़कर जंजीर खींची और ट्रेन रुकवा दी। फिर आरक्षक मधुसूदन की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।