कमलनाथ के ‘आइटम’ वाले बयान पर बीजेपी का ‘मौन’ आंदोलन
पूर्व सीएम कमलनाथ (Kamalnath) के भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी (Imarti Devi) को ‘ आइटम’ कहने से मध्य प्रदेश की राजनीति में बवाल मच गया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) समेत सभी भाजपा नेता सोमवार को 2 घंटे का मौन व्रत रखेंगे.
सीएम समेत सभी नेता करेंगे मौन व्रत
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की महिला मंत्री इमरती देवी के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को मौन व्रत करेगी. मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भोपाल में पुरानी विधानसभा मिंटो हॉल के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा पर और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ग्वालियर के फूलबाग में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौन व्रत करेंगे. साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की टिप्पणी के प्रति विरोध जताने और इस संबंध में जनजागरण के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पूरे प्रदेश में एक साथ मौन व्रत करने का निर्णय लिया है.
मौन व्रत का यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक चलेगा. पार्टी के नेता, जनप्रतिनिधि, मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौन व्रत के इस कार्यक्रम में भाग लेंगे.
बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत
कमलनाथ की टिप्पणी को लेकर बीजेपी चुनाव आयोग में शिकायत कर चुकी है. बीजेपी चुनाव आयोग से मांग कर रही है कि इस टिप्पणी के बाद कमलनाथ के प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध लगाया जाए. कांग्रेस नेताओं की तरफ से भी अब कमलनाथ के इस बयान को लेकर प्रतिक्रिया आ रही है. कांग्रेस का कहना है कि कमलनाथ ने इमरती देवी का नाम नहीं लिया है. भाजपा उपचुनाव में घटिया राजनीति कर रही है.
शिवराज ने कमलनाथ को दी ये नसीहत
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा,’ कमलनाथ जी! इमरती देवी उस गरीब किसान की बेटी का नाम है जिसने गांव में मजदूरी करने से शुरुआत की और आज जनसेवक के रूप में राष्ट्रनिर्माण में सहयोग दे रही हैं. कांग्रेस ने मुझे ‘भूखा-नंगा’ कहा और एक महिला के लिए आपने ‘आइटम’ जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी. अपने दूसरे ट्वीट में शिवराज ने कहा, ‘खुद को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ बताने वाले ऐसी ‘अमर्यादित भाषा’ का प्रयोग कर रहे हैं? नवरात्रि के पावन पर्व पर देश नारी की उपासना कर रहा है, ऐसे में आपके बयान से आपकी ओछी मानसिकता झलकती है. बेहतर होगा कि आप अपने शब्द वापिस लें और इमरती देवी सहित प्रदेश की हर बेटी से माफी मांगें.’