- मंत्री ने कहा- श्रमिकों को तत्काल काम में वापस लिए जाने के संबंध में वे निर्देश जारी करेंगे
दैनिक भास्कर
Jun 20, 2020, 10:40 PM IST
बालाघाट(सोहन वैद्य). मेग्रीज ओर इंडिया लिमिटेड की गुड़गांव और बालाघाट खान में कार्यरत चीनी कंपनी चाईना कोल 3 के द्वारा भारतीय श्रमिकों को काम पर वापस नहीं लिए जाने पर केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार फग्गन सिंह कुलस्ते ने नाराजगी जताई। भास्कर से इस संबंध में चर्चा में उन्होंने बताया कि इन श्रमिकों को तत्काल काम में वापस लिए जाने के संबंध में वे निर्देश जारी करेंगे। इस मामले में मॉयल कंपनी के सीएमडी से चर्चा करेंगे।संबंधित कंपनी को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
मेग्रीज ओर इंडिया लिमिटेड की बालाघाट खान में चीनी स्वामित्व वाली कंपनी द्वारा 250 करोड़ की लागत से अंडरग्राउंड शाफ्ट के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसमें 60 से ज्यादा भारतीय श्रमिक मार्च 2019 से कार्यरत थे। लॉकडाउन के बाद जब कंपनी ने सप्ताहभर पहले काम शुरू किया तो दोबारा इन श्रमिकों को काम पर नहीं लिया। इसके बाद से ही श्रमिक पुन: काम पर लिए जाने की मांग कर रहे थे। उधर, मॉयल प्रबंधन से चर्चा के बाद भी चीनी कंपनी चाईना कोल 3 ने इन श्रमिकों को काम पर बहाल करने से इंकार कर दिया था।
मॉयल मुख्यालय ने स्थानिय प्रबंधन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की
उधर, मॉयल कंपनी मुख्यालय ने भी स्थानीय प्रबंधन से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में मॉयल के डीजीएम वीके परिधा ने बताया कि इस मामले में जिला प्रशासन को लिखित जानकारी सौंपी गई है। मॉयल के मुख्यालय को भी विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है। श्रमिकों को तत्कालिक राहत देने के लिए कलेक्टर दरों पर दूसरी कंपनी में काम करने के लिए प्रबंध किया गया था। लेकिन श्रमिक पुन: चाईना कोल 3 में ही काम दिलाने की मांग पर अडे़ हैं। उनका प्रबंधन कोरोना संक्रमण के कारण श्रमिकों को काम पर बहाल करने तैयार नहीं है।
भारतीय श्रमिकों को तत्काल काम पर बहाल करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। साथ ही श्रमिकों को काम पर नहीं रखने को लेकर मॉयल के सीएमडी से जवाब मांगा जाएगा। मंत्रालय के जरिए संबंधित कंपनी को भी नोटिस जारी किया जा रहा है। – फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार