रतलामएक दिन पहले
- कॉपी लिंक
- एक हफ्ते पहले की थी हत्या, शव को गलाने के लिए तालाब में फेंका
अशोक नगर निवासी एक महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर पति का गला घोंट कर हत्या कर दी। फिर प्रेमी के साथ मिलकर शव को कंबल में लपेटकर अमृत सागर तालाब में फेंक दिया। किसी को शक ने हो इसलिए महिला अगले दिन थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। एक सप्ताह बाद मृतक के परिवार यानी मामा व जीजा ने शंका जाहिर करने पर पुलिस ने महिला व उसके बेटे से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या कबूल की व निशानदेही से अमृतसागर तालाब से शव को बरामद किया। मृतक का पीएम बुधवार सुबह किया जाएगा। अशोक नगर निवासी रुबीना (36) ने 20 अक्टूबर को माणकचौक थाने पर पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई कि उसका पति इमरान पिता मेहबूब खान (30) 19 अक्टूबर की रात से लापता है। इमरान ऑटो चलाते हुए मजदूरी करता था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इमरान पत्नी रुबीना और बेटे सुल्तान के साथ अलग रहता था और उसके मामा का परिवार उसके घर से कुछ दूरी पर रहता है। रुबीना ने इमरान से 13 साल पहले दूसरा निकाह किया था तब रुबीना का पहले वाले पति से बेटा सुल्तान था। वह उसे साथ लेकर आई थी।
हत्या वाले दिन घर में शोरगुल हुआ था, लाश ठिकाने लगाने वाला प्रेमी भी गिरफ्त में आया
इमरान के मामा सगीर पिता छोटे खां व जीजा अनीस खां ने पुलिस के सामने गुमशुदगी को लेकर रुबीना व उसके बेटे पर शंका जाहिर की थी। उन्होंने बताया था कि 19 अक्टूबर की रात को रुबीना के घर से लड़ाई-झगड़े का शोर हो रहा था। इस पर पुलिस ने मंगलवार को रुबीना व बेटे को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने हत्या कबूल ली। माणकचौक टीआई अय्यूब खान ने बताया कि पूछताछ में रुबीना ने खुलासा किया कि पति इमरान शराब का आदी था और आए दिन विवाद करता था। घटना वाले दिन भी वह नशे में विवाद कर रहा था। इस पर बेटे सुल्तान के साथ मिलकर इमरान का गला दबा कर हत्या कर दी। हत्या के बाद रुबीना ने अपने प्रेमी बबला उर्फ अफजल पिता अफसार (30) निवासी मौलाना आजाद नगर को बुलाया और मृतक के ऑटो में ही लाश रखकर अमृतसागर तालाब में फेंक दी। टीआई खान ने बताया तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
नाना-नानी ने की थी परवरिश
मृतक इमरान के मामा सगीर खां ने बताया इमरान के पिता सालों पहले घर छोड़ कर चले गए थे। उस समय इमरान, शहीद खान, नारो बी और रिहाना बी छोटे-छोटे थे। तब पिता छोटे खां व मां बतुल बी ने उनकी परवरिश करने के साथ ही बहन हसीना बी का निकाह मंदसौर में करवाया था। इमरान 15 साल पहले रुबीना के संपर्क में आया था, तब से हमने उससे नाता तोड़ लिया था। शहीद खान, नारो बी व रिहान बी का निकाह करवा दिया है और निकाह के बाद से शहीद खान उज्जैन उसकी मौसी के यहां रह रहा है। इमरान ने रुबीना से निकाह किया भी या नहीं हमें पता नहीं है।
खुद साथ चल कर की इमरान की तलाश
मृतक इमरान के मामा सगीर निवासी अशोक नगर ने बताया 20 अक्टूबर को रुबीना ने बुलाया और कहा कि रात में इमरान नशे की हालत में आया था और विवाद करने लगा था। उसे समझा-बुझा कर खाना खिलाया था और रात में वह बीड़ी का बंडल लाने का कहकर घर से निकला था। उसके बाद नहीं लौटा है। इसकी गुमशुदगी भी थाने में दर्ज कराई है। इसके बाद रुबीना हाट रोड व अन्य स्थानों पर मेरे साथ ही इमरान को तलाश करने गई थी। परिवार के लोगों ने कई बार रुबीना और उसके बेटे से पूछा, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। हमें शुरू से ही शंका थी कि इमरान के साथ कुछ गलत हुआ है।