इंदौर20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सांसद लालवानी एक कार्यक्रम मे शामिल होने पहुंचे थे, जहां मीडिया से उन्होंने बात की।
ज्योतिरादित्य सिंधिया की जुबान फिसलने के बाद वे कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने शनिवार को डबरा से बीजेपी की उम्मीदवार इमरती देवी के समर्थन में कमल की जगह कांग्रेस के पंजे का बटन दबाकर वोट देने की अपील कर दी थी। अब उनके बचाव में इंदौर सांसद शंकर लालवानी आगे आए हैं। लालवानी ने कहा कि भूल इंसान से ही होती है। आप उनकी भावनाओं पर जाएं, शब्दों पर नहीं।
लालवानी ने कहा कि वे भी इंसान हैं, कभी-कभी भूल हो जाती है। आपसे और मुझसे भी होती है। आप भावनाओं पर जाएं, शब्दों पर नहीं। उन्होंने तत्काल कहा कि कमल पर बटन दबाएं। वे जिसके लिए लड़ते हुए हमारे साथ जुड़े हैं, वे निश्चित चाहते हैं भाजपा की सरकार बने।
यह है मामला
शनिवार को डबरा में भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी के समर्थन में आयोजित एक सभा में सिंधिया भाषण दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर उन पर विश्वास है तो हाथ उठाकर विश्वास दिलाओ। हमारी डबरा की जानदार और शानदार जनता हमें विश्वास दिलाओ कि 3 तारीख को की इमरती देवी को जीत दिलाएंगे। इसी समय उनकी जुबान फिसल गई और उनके मुंह से निकल गया- ‘मुट्ठी बांधकर विश्वास दिलाओ कि 3 तारीख को हाथ के पंजे वाला बटन दबेगा। सिंधिया को बाद में जब अहसास हुआ कि वे गलत बोल गए हैं, तो उन्होंने भूल सुधार ली। उन्होंने कहा कि कमल के फूल वाला बटन दबाएंगे। पंजे वाले बटन का बोरिया बिस्तर बांध के हम यहां से रवाना करेंगे।