जबलपुरएक दिन पहले
- कॉपी लिंक
- बरेला के ग्राम परतला में हुई थी घटना, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, पाँच आरोपी गिरफ्तार
बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम परतला में बर्राहार रामफूल की झाड़ियों में विगत 29 अक्टूबर को ग्राम खैरी निवासी अखिलेश बैगा उम्र 35 वर्ष की रक्तरंजिश लाश बरामद की गयी थी। इस मामले की जाँच के दौरान पता चला कि मृतक खेत में काम करने घर से निकला था। उसके साथ दो अन्य साथी भी थे। सभी ने शराब पी और फिर खेत पहुँचकर ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में मृतक को बैठाकर ट्रैक्टर चलाया तो वह गिर गया और ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर से फँसकर उसकी मौत हो गयी जिसके बाद साथियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया था।
जाँच उपरांत पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में टीआई सुशील चौहान ने बताया कि ग्राम परतला के मालगुजार संतोष के बर्राहार खेत के पास रामफूल की झाड़ियों में 29 अक्टूबर को एक शव बरामद किया गया था। उसकी पहचान अखिलेश बैगा के रूप में की गयी थी। उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान होने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा था। जाँच में पता चला कि मृतक 28 अक्टूबर की शाम 4 बजे अपनी बाइक लेकर राकेश खत्री के खेत जाने की बात कहकर बंटू व गाँव के ही मैकू व संतलाल के साथ गया था। जो वापस नहीं लौटा और मृत अवस्था में उसकी लाश मिली थी। इस जानकारी के आधार पर मैकू उर्फ रामसिंह से पूछताछ की जाने पर उसने बताया कि अखिलेश के साथ वह एवं संतलाल तथा बंटू सभी ग्राम इन्द्रा गये थे। वहाँ पर सभी ने शराब पी थी। इसके बाद राकेश खत्री के खेत के अंदर गये जहाँ पर सुखचैन अपने ट्रैक्टर से रोटावेटर चला रहा था।
अखिलेश पहुँचा तो सुखचैन ने ट्रैक्टर को रोककर अखिलेश को ट्रैक्टर के पिछले चाक के मडगाड के ऊपर बैठा लिया, जैसे ही गियर लगाया ट्रैक्टर तेजी से आगे बढ़ गया और अखिलेश जमीन पर गिरा और रोटावेटर में फँसकर बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गयी थी। उसके बाद सभी ने मिलकर शव को अँधेरा होने पर रामफूल के पास झाड़ियाें में फेंका और समीप ही उसकी बाइक खड़ी कर दी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने मौत व शव छिपाने की घटना में शामिल जुगल पटैल, मैकू उर्फ रामसिंह मरावी, संतलाल मरावी एवं बंटू उर्फ राहुल तेकाम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया है।