क्या यह महज संयोग है: अक्टूबर में रोज मिल रहे थे औसत 4 कोरोना संक्रमित, चुनाव प्रचार थमते ही मिलने लगे 9

क्या यह महज संयोग है: अक्टूबर में रोज मिल रहे थे औसत 4 कोरोना संक्रमित, चुनाव प्रचार थमते ही मिलने लगे 9


भिंड39 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • पिछले माह के 31 दिन में मिले 131 संक्रमित, नवंबर के 8 दिन में मिले 73 मरीज
  • 29 सितंबर को उपचुनाव की आचार संहिता लगने के बाद से कम हुए थे नए संक्रमित

जिले में अक्टूबर महीने में उपचुनाव के दौर में भले ही 131 कोरोना पॉजिटिव मिले थे लेकिन चुनाव प्रचार थमते ही संक्रमण के मामले में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। नवंबर के 8 दिन में ही 73 नए कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इन आठ दिनों में फेफड़ों में संक्रमण और सांस लेने की तकलीफ से जिले में एक वृद्ध की मौत भी हो गई है।

इसे महज संयोग कहा जाए या कुछ ओर कि 29 सितंबर को प्रदेश में उपचुनाव को लेकर आचार संहिता के प्रभावी होने के बाद से अचानक नए संक्रमित मरीजों के मिलने के आंकड़े में कमी आ गई थी जबकि 1 नवंबर को जैसे ही चुनावी शोर थमा तो कोरोना संक्रमण के नए मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया।

अक्टूबर महीने के 31 दिनों में 131 मरीज मिले हैं यानि अक्टूबर के हर रोज औसतन 4 मरीज मिल रहे थे जबकि इस महीने औसतन हर रोज 9 मरीज मिल रहे हैं। स्थिति यह है कि इस महीने के 8 दिनों में अब तक 73 नए कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं इन 8 दिनों में एक कोरोना संक्रमित की मौत भी हो गई है। यानि एक बार फिर कोरोना खतरनाक हो रहा है। बावजूद इसके प्रशासन सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क जैसी आवश्यक सावधानियों पर जोर नहीं दे रहा है।

दीपावली मनाने बाहर से आ रहे लोग, इससे भी संक्रमण का खतरा
दीपावली के त्योहार पर फिर से एक बार दूसरे शहरों से लोगों का जिले में आना शुरू हो गया है जिससे एक बार पुनः बाहर से कोरोना संक्रमण आने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का दावा है कि बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। गांवों में डोर-टू- डोर सर्वे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। ऐसे में सवाल यह है कि 18 लाख की आबादी वाले भिंड जिले में डोर-टू-डोर सर्वे के लिए चार टीमें ऊंट के मुंह में जीरा के समान हैं।

चुनावी शोर थमा तो बढ़ाई सैंपलिंग, अब रोज 400 से 500 लोगों की हो रही जांच
जानकारों की मानें तो चुनावी सीजन में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की सैंपलिंग कम कर संक्रमण रोकने का प्रयास किया। शासन स्तर से प्रतिदिन 400 से अधिक सैंपल जांच के लिए भेजे जाने के निर्देश होने के बाद भी अक्टूबर महीने में औसतन 300 से 350 सैंपल लिए जा रहे थे जबकि चुनावी शोर थमते ही अब सैंपल हर रोज 400 से 500 के बीच लिए जा रहे हैं। यही वजह है कि इस महीने कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है।

आठ नए फिर मरीज मिले, तीन पुराने हुए स्वस्थ
रविवार को जिले में कोरोना के 8 नए मरीज मिले हैं। इस प्रकार से जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1187 पर पहुंच गई है। वहीं स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या 1120 हो गई है। जबकि एक्टिव केस 63 चल रहे हैं। रविवार को आई रिपोर्ट में संक्रमितों में गांव के साथ शहर के मरीज शामिल हैं।

मौसम बदलने से बढ़ गए मरीज

^मौसम में परिवर्तन की वजह से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब लोग जागरूक हो गए हैं इसलिए बाहर से आने के बाद वे खुद भी जांच कराने अस्पताल आ रहे हैं। वहीं गांव गांव हमारी सर्वे टीम भी जा रही है जो बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है।
डॉ. अवधेश सोनी, जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी, भिंड



Source link