- जीतू पटवारी ने ट्वीट करके भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को मंत्री नहीं बनाए जाने पर तंज किया, नाम गिनाए
- कहा- वे समझ गए होंगे कि अवसरवादियों की भीड़ के कारण निष्ठावान किनारे हो गए…
दैनिक भास्कर
Jul 02, 2020, 05:20 PM IST
इंदौर. शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार पर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जयचंदों को ज्यादा अवसर दिया जा रहा है, इससे मर्यादा रहित राजनीति करने का भाव खत्म हो जाएगा। ऐसे लोगों को सबक सिखाना चाहिए, जो इधर से चुनाव जीतते हैं, खरीदते, बिकते हैं और उधर चले जाते हैं। इन्होंने दल बदला तो इन्हें सजा मिलनी चाहिए। मैं शिवराजजी से कहना चाहूंगा कि अपनी पार्टी के वफादार लोगों को मौका दीजिए। इनका भरोसा नहीं है, ये कब कहां चले जाएं। हमें 40 साल बाद छोड़कर चले गए, आपको भी छोड़ देंगे।
पटवारी ने यह भी कहा कि इंदौर को और प्रतिनिधि मिलना चाहिए, यह सरकार अतिक्रमण की है, यह सरकार खरीद कर बनाई गई है। जब सरकार बना ही ली है तो इंदौर का और महत्व बढ़े। पहले की तरह ही तीन मंत्री इंदौर को मिलें।
अवसरवादियों की भीड़ के कारण राजेंद्र शुक्ला, संजय पाठक, पारस जैन, सुरेंद्र पटवा, गौरीशंकर बीसेन, रामपाल सिंह, जालम सिंह पटेल अब समझ गए होंगे की जब जयचंदों को पार्टी में लाया जाता है तो निष्ठावान कैसे किनारे हो जाते!
पद चुनाव आते जाते हैं राजनीतिक मर्यादा की ज़िम्मेवारी सबकी है !— Jitu Patwari (@jitupatwari) July 2, 2020
उन्होंने कहा कि मप्र के हित में यही है कि योग्य और और वफादार लाेगों को मौका दिया जाए, जिन्होंने पार्टी के लिए समर्पण भाव से काम किया है। बिकाऊ लोग तो भ्रष्टाचार ही करेंगे। जब पैसे लेकर ये बिक गए तो मंत्री बनने के बाद क्या रुपए नहीं लेंगे, इसकी क्या गारंटी है। जयचंद , बिकाऊलाल, विभीषण ये कभी किसी के नहीं हो सकते। भाजपा क्योंकि दबाव में है, पीछे के रास्ते से लोकतंत्र की हत्या की है। इसलिए ये दबाव में तो रहेंगे। शिवराज जी को बड़े मन से मध्यप्रदेश के भविष्य के लिए सोचना चाहिए।
पूरी भाजपा कमलाथ का मुकाबला नहीं कर सकती
कमलनाथ को चीन का एजेंट बताने पर पटवारी ने कहा कि पलटवार कि बीजेपी हमेशा से अफवाहों की पार्टी रही है। लोगों के मन में निगेटिव बाते रखकर बीजेपी चुनाव जीतती आई है। चाइना की परिस्थितियों को देश देख रहा है, इस तरह की बाते छिपाने के लिए बीजेपी इस तरह की बातें करती है। जब कोर्ट में घसीटे जाएंगे तब वीडी शर्मा और प्रभात झा कमलनाथ से माफी मांगेंगे। कमलनाथ का सीधे से पूरी भाजपा मुकाबला नहीं कर सकती, हां पीठ में छुरा जरूर घोंप सकती है और वह घोंपा।
इन विधायकों ने ली कैबिनेट मंत्री की शपथ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार गुरुवार को हो गया। गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, बिसाहूलाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र सिंह, एंदल सिंह कंसाना और बृजेंद्र प्रताप सिंह कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। विश्वास सारंग, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, ओम प्रकाश सकलेचा, उषा ठाकुर, प्रेम सिंह पटेल, हरदीप सिंह डंग, महेंद्र सिंह सिसोदिया, अरविंद सिंह भदौरिया, डॉ. मोहन यादव और राज्यवर्धन सिंह ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
इन विधायकों ने ली राज्यमंत्री की शपथ
इसके बाद भारत सिंह कुशवाह, इंदर सिंह परमार, रामखिलावन पटेल, रामकिशोर कांवरे, बृजेंद्र सिंह यादव, गिर्राज दंडोदिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कार्यक्रम से पहले शिवराज ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को 20 कैबिनेट और 8 राज्यमंत्रियों की लिस्ट सौंपी। पुराने चेहरों में पारस जैन, गौरीशंकर बिसेन, रामपाल सिंह, राजेंद्र शुक्ला, संजय पाठक, जालम सिंह पटेल और सुरेंद्र पटवा को लेकर सहमति नहीं बनी।
भाजपा के 16, इनमें 7 पुराने और 9 नए चेहरे
1. गोपाल भार्गव
2. भूपेंद्र सिंह
3. यशोधरा राजे सिंधिया
4. विजय शाह
5.जगदीश देवड़ा
6. बृजेंद्र प्रताप सिंह
7. विश्वास सारंग
8. प्रेम सिंह पटेल
9. इंदर सिंह परमार
10. उषा ठाकुर
11. ओम प्रकाश सकलेचा
12. भारत सिंह कुशवाह
13. रामकिशोर कांवरे
14. मोहन यादव
15. अरविंद भदौरिया
16. राम खिलावन पटेल
सिंधिया खेमे से 9 और कांग्रेस से भाजपा में आए 3 मंत्री बने
सिंधिया खेमे से
1. महेंद्र सिंह सिसोदिया
2. प्रभुराम चौधरी
3. प्रद्युम्न सिंह तोमर
4. इमरती देवी
5. राज्यवर्धन सिंह
6. ओपीएस भदौरिया
7. गिर्राज दंडोतिया
8. सुरेश धाकड़ (राठखेड़ा)
9. बृजेंद्र सिंह यादव
कांग्रेस से भाजपा में आए
1. हरदीप सिंह डंग
2. बिसाहूलाल सिंह
3. एंदल सिंह कंसाना