सिडनी: भारतीय टेस्ट टीम के स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले महीने होने वाली टेस्ट सीरीज के तैयारियां शुरू कर दी है.उन्होंने नेट सत्र में काफी कड़ा अभ्यास किया. जिसमें वह तेज गेंदबाजों के सामने सहज दिखायी दिये.
पुजारा ने ‘साइड नेट’ और ‘सेंटर स्ट्रिप’ दोनों पर बल्लेबाजी की जिसमें उन्होंने नेट गेंदबाज ईशान पोरेल और कार्तिक त्यागी के अलावा उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन की गेंदों का सामना किया.
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर पुजारा के नेट सत्र की छोटी सी वीडियो भी साझा की.
भारतीय टीम को अपने 14 दिन के पृथकवास के दौरान ट्रेनिंग की अनुमति दी गयी है, जो पिछले हफ्ते ही यहां पहुंची. वनडे और टी20 श्रृंखला 27 नवंबर से शुरू होगी जिसके बाद चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जायेगी जो एडीलेड में 17 दिसंबर से दिन रात्रि मुकाबले से शुरू होगी.
The wait is over. @cheteshwar1 is back in the nets and is back to doing what he loves the most. Bowlers be prepared for a long workout. #TeamIndia pic.twitter.com/uAKEBE9PQf
— BCCI (@BCCI) November 19, 2020
भारतीय टीम के ज्यादातर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में खेले थे, पर टेस्ट टीम के नियमित खिलाड़ी पुजारा और हनुमा विहारी ऑस्ट्रेलिया पहुंचने से पहले संयुक्त अरब अमीरात में राष्ट्रीय टीम बबल से जुड़ गये थे.
पुजारा दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक जीत में काफी अहम रहे थे और तीसरे नंबर पर उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहेगी क्योंकि कप्तान विराट कोहली पहले टेस्ट के बाद अपने पहले बच्चे के जन्म के लिये स्वदेश लौट जाएंगे.
वहीं भारत के थ्रोडाउन विशेषज्ञ रघु यहां पहुंच गये हैं और टीम से जुड़ने से पहले पृथकवास में हैं. वह कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद टीम के अन्य सहयोगी स्टाफ के साथ रवाना नहीं हो सके थे.
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘उन्हें स्थानीय सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार 14 दिन के पृथकवास से गुजरना होगा. इसके बाद वह टीम से जुड़ जायेंगे’.
बता दें कि पुजारा ने अपना अंतिम मुकाबला रणजी ट्राफी फाइनल खेला था.
(इनपुट-भाषा)