नई दिल्ली: दुनिया के सबसे तेज एथलीट उसेन बोल्ट (Usain Bolt) ने जिंदगी के नए मोड़ पर कदम रख लिया है. उनकी जिंदगी में एक नन्हीं परी आ गई है, जिसकी तस्वीर उन्होंने पहली बार दुनिया के साथ शेयर की है. इसके साथ ही बोल्ट ने अपनी बेटी के नाम का भी खुलासा किया है. बोल्ट ने अपनी बेटी का नाम ‘ओलंपिया लाइटनिंग’ (Olympia Lightning) रखा है, जिसका मतलब होता है ओलंपिक की रोशनी.
मई में दिया था बोल्ट की गर्लफ्रेंड ने जन्म
33 साल के ओलंपिक गोल्ड मेडेलिस्ट और 100 मीटर फर्राटा दौड़ के विश्व रिकॉर्डधारी बोल्ट की गर्लफ्रेंड कासी बेनेट ने 18 मई को उनकी बेटी को जन्म दिया था. जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने सोशल मीडिया पर बोल्ट को बेटी के जन्म के लिए बधाई देकर इस बात की जानकारी सभी तक पहुंचाई थी. लेकिन डेढ़ माह के दौरान बोल्ट ने किसी को भी अपनी बेटी का चेहरा नहीं दिखाया था. बोल्ट ने मार्च में सोशल मीडिया पर सभी को बताया था कि उनकी गर्लफ्रेंड बेनेट एक बेटी को जन्म देने वाली हैं. बेनेट और बोल्ट पिछले पांच साल से एक साथ रह रहे हैं.
गर्लफ्रेंड को बर्थडे विश करते हुए दिखाई बेटी की तस्वीर
दरअसल बुधवार को बोल्ट की गर्लफ्रेंड कासी बेनेट का बर्थडे था. इस मौके पर बोल्ट ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिये बर्थडे विश किया. इस पोस्ट में ही उन्होंने कासी और अपनी बेटी के कई फोटो पोस्ट किए हैं. बोल्ट की तरफ से पोस्ट की गई फोटो सीरीज में कासी एक क्रीम कलर का फ्लॉइंग बॉलगाउन पहनकर बैठी हैं और उनकी गोद में नन्हीं बेटी मौजूद है.
बताया जिंदगी का नया अध्याय
बोल्ट ने फोटो कैप्शन में इसे अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत बताया है. बोल्ट ने लिखा,”मैं अपनी गर्लफ्रेंड कासी को हैप्पी बर्थडे कहना चाहता हूं. मैं आपका विशेष दिन आपके साथ बिताऊंगा. मैं आपके लिए खुशी के अलावा कुछ नहीं चाहता और आपके चेहरे पर मुस्कुराहट बनाए रखने के लिए अपना बेस्ट प्रयास करता रहूंगा.” बोल्ट ने आगे लिखा,”हम एकसाथ मिलकर हमारी बेटी ओलंपिया लाइटनिंग बोल्ट के साथ नया अध्याच चालू कर रहे हैं.”
3 ओलंपिक में फर्राटा गोल्ड जीतने वाले इकलौते एथलीट
बोल्ट के नाम पर एथलेटिक्स के रिकॉर्डस का जखीरा है. उन्होंने ओलंपिक में आठ गोल्ड मेडल जीते हैं और 100 मीटर के साथ-साथ 200 मीटर दौड़ का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम पर किया है. 2016 रियो ओलंपिक में वे लगातार तीन ओलंपिक में 100 व 200 मीटर दौड़ जीतने वाले दुनिया के पहले एथलीट बने थे. उन्होंने इसके बाद एथलेटिक्स से संन्यास ले लिया था.