स्वच्छता अभियान: शहर को स्वच्छ बनाने आज से अभियान, अब रात में भी होगी सफाई

स्वच्छता अभियान: शहर को स्वच्छ बनाने आज से अभियान, अब रात में भी होगी सफाई


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

भिंड38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • कलेक्टर, एसपी ने शहरवासियों के साथ की बैठक, शहरवासी बोले- शहर को साफ सुथरा बनाने तन, मन, धन से साथ देंगे

एक बार फिर जिला प्रशासन शहरवासियों के साथ शहर को साफ स्वच्छ बनाने के लिए सड़क पर उतरेगा। शनिवार को कलेक्टर डॉ वीरेंद्र सिंह रावत और एसपी मनोज कुमार सिंह ने शहरवासियों के साथ बैठक की, जिसमें निर्णय लिया गया कि शहर में मिशन स्वच्छ अभियान चलाया जाएगा।

यह अभियान रविवार सुबह आठ बजे परेड चौराहा से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर सीएमओ सुरेंद्र शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी राजवीर सिंह, स्वच्छता निरीक्षक रवींद्र पाल सिंह भदौरिया मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर ने शहर के लोगों से अपील की कि वे अपने घर और दुकान के बाहर कचरा न फेंके।

बल्कि एक डस्टबिन रखे। वहीं एसपी ने कहा कि स्वच्छता के मामले में भिंड शहर काफी पिछड़ा हुआ है। यहां का ड्रेनेज सिस्टम खराब है। यह सब मिलजुल कर सुधारना होगा। बैठक में सीएमएचओ डॉ अजीत मिश्रा ने सुझाव दिया कि शहर में सुबह और रात के समय सफाई व्यवस्था लागू की जाए, जिस पर कलेक्टर ने भी सहमति जताई। बैठक में एडवोकेट शैलेंद्र सांकरी ने निशुल्क मास्क बांटने की बात कही।

सफाई के साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधारें
सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा कि वे कचरा डस्टबिन में डालें। अटेर रोड डिवाइडर की देखभाल हमारी संस्था कर रही है। स्वयंसेवी संगठनों ने ऐसे कार्य किए हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधारी जाए।
– राजेश शर्मा, संचालक बिहारी ग्रुप ऑफ स्कूल

पोस्टर चिपकाने वालों पर कार्रवाई की जाए
पहले की तरह वार्ड टू वार्ड सफाई अभियान चलाया जाए। सार्वजनिक संपत्तियों एवं मूर्तियों पर पोस्टर चिपकाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। खाली पड़े भूखंडों से कचरे के ढेर हटाए जाएं। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करें।
– अमर सिंह भदौरिया, होटल संचालक

गौरी सरोवर के बोट क्लब को संवारें
शहर के प्रमुख स्थानों को चिंहित कर सफाई अभियान शुरू किया जाए। गौरी सरोवर स्थित बोट क्लब को नपा व शासन का सहयोग मिले। गौरी के लिए खेल युवक कल्याण विभाग के द्वारा बहुत पैसा मिल सकता है इस हेतु शासन स्तर पर प्रयास तेज होना चाहिए।
– राधेगोपाल यादव, खेल प्रशिक्षक

संसाधन बढ़े फिर भी रैंकिंग गिरी
स्वच्छ मिशन से हमारे शहर की स्वच्छता रैंकिंग 474 से 114 तक आ गई थी। लेकिन बाद में फिर काफी नीचे पहुंच गए। जबकि पहले की तुलना अब नगरपालिका के पास संसाधन बढ़ें हैं। बावजूद शहर की हालत बदतर गई है। नपा रवींद्र भदौरिया और नरेंद्र गुप्ता को जिम्मेदारी दें।
– डॉ शैलेंद्र परिहार, एमडी मेडिसिन

शहर के ड्रेनेज सिस्टम पर भी ध्यान दे नपा
नगरपालिका को शहर की चौक नालियों पर भी ध्यान देना चाहिए। नालियां बंद होने की वजह नाली का पानी सड़क पर बहता है, जिससे न सिर्फ सड़क टूटती है। वहीं गंदगी बढ़ती है। शहर में ड्रेनेज सिस्टम भी एक बड़ी समस्या है, जिस पर ध्यान देना होगा।
– अवधेश भदौरिया, हार्डवेयर इंजीनियर



Source link