Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भिंडएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
गोविंद सिंह के समर्थकों से कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अपनी जान को खतरा बताया है।
- युवा सेवादल बिग्रेड के प्रदेशाध्यक्ष बोले- डॉ. गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष रोकने की साजिश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के समर्थकों से खुद की जान का खतरा बताते हुए शनिवार की दोपहर तीन बजे एसपी मनोज कुमार सिंह को एक आवेदन दिया। आवेदन मिलने के बाद शाम काे एसपी ने उन्हें एक सुरक्षा गार्ड मुहैया करा दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बघेल ने मेहगांव उपचुनाव में पूर्व मंत्री डाॅ. सिंह पर भितरघात का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस की बैठक में उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद पूर्व मंत्री के समर्थकों ने दूसरे दिन जिलाध्यक्ष के इस दावे का खंडन किया।
इसके अगले दिन फिर जिलाध्यक्ष के लोगों ने पूर्व मंत्री के समर्थकों पर पलटवार किया। इस द्वंद के बीच शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बघेल एसपी मनोज कुमार सिंह को एक आवेदन देने पहुंचे। इसमें उन्होंने स्वयं की जान को खतरा बताते हुए शासकीय व्यय पर उन्हें सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। पहले तो एसपी ने इस आवेदन को राज्य सुरक्षा कमेटी को भेजने की बात कही। बाद में देर शाम एसपी ने जिलाध्यक्ष को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध करा दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिर्फ चेहरा, इसके पीछे पार्टी के बड़े लोगों की सोची समझी साजिश: भदौरिया
युवा सेवादल बिग्रेड के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ पिंकी ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि यह सब एक सोची समझी रणनीति के तहत उन्हें (पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह काे) नेता प्रतिपक्ष बनने से रोकने के लिए षडयंत्र चल रहा है। इसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष बघेल तो सिर्फ चेहरा हैं।
इसके पीछे पार्टी के ही कुछ बड़े लोग हैं। जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल को सिर्फ मोहरा बनाया गया है। अगर जिलाध्यक्ष बघेल को लहार विधायक से कोई शिकायत थी तो उनको अपनी बात पार्टी फोरम पर रखना था। सोचने वाली बात तो यह है कि लहार विधायक के ऊपर वे लोग आरोप लगा रहे हैं जो उपचुनाव में पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे। उनका खुद के क्षेत्र में कोई वजूद नहीं है। मेरा पार्टी नेताओं से कहना है कि जिलास्तर पर कांग्रेस काफी कमजोर हो चुकी है। पार्टी के नेताओं को आपसी मनमुटाव को भुलाकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए।