- सावन माह के अंतिम सोमवार 3 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा
- पंडितों के अनुसार इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 12 अगस्त को चार विशेष संयोग रहेंगे
दैनिक भास्कर
Jul 10, 2020, 04:01 PM IST
इंदौर. सावन माह के अंतिम सोमवार 3 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। सुबह 9.29 बजे तक भद्रा रहेगी। इसके बाद से बहनें सुविधानुसार श्रेष्ठ मुहूर्त में भाइयों की कलाइयों पर राखी बांध सकेंगी।
इस बार रक्षाबंधन का त्यौहार सावन के पांचवे व अंतिम सोमवार और स्नानदान पूर्णिमा व्रत के दिन आ रहा है। ज्योतिर्विद पं. शशांक वशिष्ठ के अनुसार इसी दिन सोमवार को रक्षाबंधन का संयोग देश के लिए शुभ माना गया है। भद्रा सूर्य की पुत्री है, जो इस बार रक्षाबंधन के दिन सुबह 9.29 बजे तक रहेगी। सोमवार को रक्षाबंधन के दिन सुबह 7.20 बजे तक उत्तराषाढ़ा नक्षत्र है, उसके बाद श्रवण नक्षत्र लग जाएगा।
इस दिन सुबह 9 से 10.30 बजे तक शुभ, दोपहर 1.30 से 3 बजे तक चर, दोपहर 3 से 4.30 बजे तक लाभ, शाम 4.30 से 6 बजे तक अमृत एवं शाम 6 से 7.30 बजे तक चर का चौघड़िया रहेगा। सोमवार के दिन रक्षाबंधन होने से अन्न एवं धनधान्य के लिए अच्छे अवसर रहेंगे।
जन्माष्टमी पर चार विशेष संयोग
पंडितों के अनुसार इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 12 अगस्त को चार विशेष संयोग रहेंगे। पांच हजार साल पहले भगवान श्री कृष्ण के जन्म के समय अष्टमी बुधवार के दिन थी, जो इस साल है। वृषभ का चंद्रमा, सर्वार्थ सिद्धि योग इस साल है, लेकिन इस बार रोहिणी नक्षत्र का संयोग नहीं बन पाया। 9 अगस्त को हलछठ व्रत व बलदाऊ जयंती, 13 को गोगा नवमी का पर्व और 15 को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।