अब 16 के स्थान सिर्फ 9 शहरों में बने 65 केंद्रों पर ही परीक्षा करायी जाएगी. पूर्व में तय केंद्रों में से 5 केंद्र कम किए गए हैं
पहले ये परीक्षा (Exam) 20 नवंबर से 2 दिसंबर तक होनी थी. लेकिन ऐन वक्त पर पीईबी (PEB) ने परीक्षा को स्थगित कर दिया था.
मध्य प्रदेश में जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा अब 11 से 24 दिसंबर तक होगी. 17 दिसंबर को परीक्षा नहीं होगी. उस दिन ब्रेक लिया जाएगा. लेकिन अब 16 के स्थान सिर्फ 9 शहरों में बने 65 केंद्रों पर ही परीक्षा करायी जाएगी. पूर्व में तय केंद्रों में से 5 केंद्र कम किए गए हैं.PEB ने उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं.
पेपर लीक होने का आरोप…
परीक्षा होने से ठीक 2 दिन पहले इसे निरस्त कर दिया गया था. ऐसे में लाखों परीक्षार्थी परेशान हुए थे. स्थगित करने के बाद नयी तारीख का ऐलान उस वक्त नहीं किया गया था. कांग्रेस का आरोप था कि 2 दिन पहले परीक्षा निरस्त करने के पीछे पेपर लीक बड़ी वजह हो सकती है. कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा था कि 3 सेंटर बदलने की वजह से परीक्षा निरस्त नहीं हुई. व्यापम की तरह पीईबी में भी भ्रष्टाचार हो रहा है. कांग्रेस ने परीक्षा एजेंसी पर भी आरोप लगाए हैं.कांग्रेस ने जांच करने की मांग की है.3 लाख से ज्यादा उम्मीदवार होंगे शामिल
पीईबी ने परीक्षा को स्थगित करते हुए जानकारी दी थी कि जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा 2020 को अपरिहार्य कारण से स्थगित किया गया है. जल्द ही इसकी नई तारीख और उम्मीदवारों को नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे. एजेंसी ने पीईबी को 15 शहरों में बने 70 परीक्षा केंद्रों की सूची सौंपी थी. इन पर जेल प्रहरी परीक्षा 20 नवंबर से 2 दिसंबर तक होनी थी.इसमें शामिल होने के लिए 3 लाख 7 हजार उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे.
3 जिलों के परीक्षा केंद्र बदले थे
एजेंसी ने 3 जिलों के परीक्षा केंद्र बदल दिए थे. इस वजह से यह पूरा बखेड़ा खड़ा हुआ. पीईबी की एजेंसी ने जिन परीक्षा केंद्रों की सूची सौंपी थी, उसमें से अचानक परीक्षा होने से ठीक दो दिन पहले इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में बने केंद्र बदले जाने से शक हुआ. व्यापम की बदनामी पहले हो चुकी है. ऐसे में परीक्षा केंद्र बदलने को लेकर फिर कोई नया आरोप और बदनामी ना हो इसलिए पीईबी ने परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया.