विराट कोहली ने डीआरएस लेने में देरी को बताया बड़ी गलती (PIC : AP)
ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड (Matthew Wade) ने भारतीय टीम के डिसीजन रिव्यू सिस्टम (DRS) लेने में देरी के कारण जीवनदान हासिल करने के बाद 30 महत्वपूर्ण रन बनाए, जो आखिर में निर्णायक साबित हुए और कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने इस तरह की गलती को अस्वीकार्य करार दिया.
- News18Hindi
- Last Updated:
December 9, 2020, 7:24 AM IST
मैथ्यू वेड ने हालांकि तुरंत ही इस पर आपत्ति जताई, क्योंकि डीआरएस लेने के लिए तय 15 सेकेंड का समय समाप्त हो चुका था. इसके बाद डीआरएस लेने का फैसला पलट दिया गया. कोहली ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”वह सीधी गेंद थी और साफ एलबीडब्ल्यू था, लेकिन हम तब भी चर्चा करते रहे कि क्या गेंद लेग साइड की तरफ जा रही थी. इसके बाद फिर रिव्यू का फैसला किया, लेकिन अंपायर ने कहा कि अब कुछ नहीं किया जा सकता है.”
IND vs AUS: विराट कोहली बोले, टेस्ट क्रिकेट अलग चुनौती और हार्दिक को गेंदबाजी करने की जरूरत
उन्होंने कहा, ”प्रबंधन के तौर पर हमारा मानना है कि इस तरह की गलतियां (देर से फैसला करना) शीर्ष स्तर पर नहीं की जा सकती हैं. किसी महत्वपूर्ण मैच में ऐसा करना महंगा पड़ सकता है. ” टीवी रिप्ले से पता चला कि एलबीडब्ल्यू का फैसला भारत के पक्ष में जाता. भारत को यह बात अखर रही है कि ऑस्ट्रेलिया ने 12 रन से मैच जीता जबकि मैथ्यू वेड ने उस जीवनदान के बाद अपने स्कोर में 30 रन और जोड़े थे.बता दें कि ओपनर मैथ्यू वेड के विकेट को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. 11वें ओवर में वेड 35 गेंदों में 50 रन बनाकर खेल रहे थे. टी नटराजन गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी गेंद मैथ्यू वेड के पैड पर जा लगी. वेड को नॉट आउट दिया गया. विराट कोहली इस दौरान लॉन्ग ऑन पर फील्डिंग कर रहे थे. वह वहीं से गेंदबाज और विकेटकीपर केएल राहुल से बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे कि क्या उन्हें अंपायर के फैसले की समीक्षा करनी चाहिए. एक लंबे विचार-विमर्श के बाद ऐसा लग रहा था कि जैसे उन्होंने इसके खिलाफ फैसला किया है.
IND vs AUS: मैक्सवेल का छूटा कैच तो शार्दुल ठाकुर ने खोया आपा, दीपक चाहर को दी ‘गाली’
इसके बाद भारतीय कप्तान मुड़े और बाउंड्री के पास जाने लगे. उन्होंने उस गेंद का रिप्ले बड़ी स्क्रीन पर देखा और फिर रिव्यू लिया. वेड स्ट्राइक के लिए तैयार थे, जब राहुल ने उन्हें बताया कि रिव्यू लिया गया है. वेड को फॉक्स क्रिकेट के स्टंप माइक पर स्क्वायर लेग अंपायर का विरोध करते हुए सुना गया, जो कह रहे थे- उन्होंने इसे बड़े परदे पर देखने के बाद लिया है.
रिव्यू के दौरान तीसरे अंपायर पॉल विल्सन ने इसे नकार दिया, यह कहते हुए कि यह अमान्य है, क्योंकि बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले पहले ही दिखाया जा चुका था. विल्सन ने कहा, ”हम इस रिव्यू पर आगे नहीं बढ़ सकते, क्योंकि बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले दिखाया जा चुका है.”