प्रदेश बीजेपी 14 दिसंबर को कृषि बिल के समर्थन में पूरे राज्य में जिला स्तर पर प्रेस कांफ्रेंस करेगी. 15 और 16 दिसम्बर को संभागीय स्तर पर किसान सम्मेलन होंगे. ये संभागीय किसान सम्मेलन 7 संभागों में आयोजित किए जाएंगे. सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत प्रदेश के दिग्गज नेता इनमें शामिल होंगे.
कब-कौन होंगे शामिल?
15 दिसंबर को सीहोर में आयोजित भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा संबोधित करेंगे.15 दिसंबर को ही उज्जैन में संभागीय किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री थावरचन्द गहलोत शामिल होंगे.
16 दिसंबर को जबलपुर में संभागीय किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते संबोधित करेंगे.
16 दिसंबर को ही रीवा में शहडोल एवं रीवा संभाग के किसान सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा संबोधित करेंगे.
16 दिसंबर को ही ग्वालियर में चंबल एवं ग्वालियर संभाग के किसान सम्मेलन में केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे.
16 दिसंबर को सागर में संभागीय किसान सम्मेलन को केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री गोपाल भार्गव संबोधित करेंगे.
16 दिसंबर को इंदौर के संभागीय किसान सम्मेलन को राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री नरोत्तम मिश्रा संबोधित करेंगे.
कांग्रेस पर निशाना
इधर कृषि बिल को लेकर प्रदेश में सियासत भी जारी है. बीजेपी किसान आंदोलन को उकसाने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है. बीजेपी का कहना है कि देश का किसान कृषि बिल के समर्थन में है. लेकिन कांग्रेस के लोग किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं कांग्रेस के नेता कृषि बिल को किसानों के खिलाफ बता रहे हैं. कांग्रेस ने हाल ही में बिल के खिलाफ 8 दिसंबर को हुए भारत बंद का समर्थन भी किया था.