Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
प्रतिकात्मक फोटो
- मिशन 10 हजार के तहत स्कूलों में जुटाए जाएंगे जरूरत अनुसार शिक्षक और संसाधन
- 1195 शिक्षक व पढ़ने के लिए 67644 विद्यार्थी हैं
जिले के 300 सरकारी स्कूल इस साल उन्नत करने का दावा किया जा रहा है। इनमें किताबी ज्ञान ही नहीं दिया जाएगा विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का पाठ भी पढ़ाया जाएगा। विद्यार्थियों को खेल, कला और कौशल की शिक्षा भी दी जाएगी।
भविष्य में यह स्कूल, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) मान्यता प्राप्त स्कूलों के रूप में बदल जाएंगे। चयनित स्कूलों में 1826 कक्षाएं हैं, जिनमें पढ़ाने के लिए 1195 शिक्षक हैं। पढ़ने के लिए 67644 विद्यार्थी हैं। सीएम राइज स्कूलों में छठी से विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार कौशल ज्ञान, स्किल डेवलपमेंट, कम्प्यूटर की शिक्षा दी जाएगी। शुरुआत में 10 हजार और अगले तीन साल में 30 हजार स्कूलों का उन्नयन सीएम राइज के तहत किया जाना प्रस्तावित है।
इन स्कूलों का भौतिक सत्यापन जिला शिक्षा अधिकारी रमा नाहटे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विकासखंड स्रोत समन्वयक कर रहे हैं। यह अफसर स्कूल जाकर यह पता लगवा रहे हैं कि भविष्य में 1 हजार विद्यार्थियों के लिए जरूरत अनुसार स्कूल में कक्षाएं, खेल मैदान, लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब बनाने के लिए जमीन की उपलब्धता है या नहीं।
दक्षिण कोरिया के एजुकेशन मॉडल के आधार पर कर रहे बदलाव
स्कूल शिक्षा विभाग दो वर्षों से प्रदेश के स्कूलों को दक्षिण कोरिया के एजुकेशन मॉडल पर विकसित करने में जुटा है। इसके कारण सरकार ने संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी सहित कुछ प्राचार्यों को दक्षिण कोरिया भेजकर वहां की शिक्षण प्रणाली का अध्ययन कराया था।
केंद्र सरकार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी लागू कर दी है। शिक्षकों काे ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। अब सरकार ने शिक्षा और उपलब्ध संसाधनों को रिजल्ट ओरिएंटेड बनाने के लिए प्रदेश के 10 हजार स्कूलों के उन्नयन की तैयारी की है।
उद्देश्य ड्रॉपआउट दर घटना
सीएम राइज कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सरी से लेकर 12वीं तक के एकीकृत स्कूल संचालित कर बच्चों की ट्रांजिशन दर को बढ़ाना और ड्रॉपआउट दर को घटाना है। हिंदी के साथ अंग्रेजी माध्यम में भी कक्षाओं का संचालन करना। विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार लाना। सीएम राइज स्कूलों को सीबीएसई मान्यता प्राप्त शाखाओं के रूप में बदलना।
स्कूलाें में जरुरत अनुसार संसाधन जुटाएंगे: सीएम राइज के तहत 300 स्कूलों को उन्नत किया जाना प्रस्तावित है। इन स्कूलों में जरूरत अनुसार शिक्षक और संसाधन जुटाए जाएंगे। ब्लॉक अफसर के स्तर पर 13 नवंबर तक इनका अनुमोदन किया जाएगा। जिला स्तर पर 28 नवंबर तक यह काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
-रमा नाहटे, डीईओ
खंडवार जानिए अपग्रेड होने वाले स्कूलों की संख्या
ब्लॉक हासे हाई मावि प्रावि कुल
बड़नगर 14 06 23 07 50
घट्टिया 07 07 10 06 30
खाचरौद 16 04 27 13 60
महिदपुर 10 06 29 05 50
तराना 09 10 14 27 60
उज्जैन 21 08 16 05 50
कुल 77 41 119 63 300
(जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार)