Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सुबह करीब 11 बजे तक ऐसा मौसम बना रहा।
- किसानों की चिंता : लंबे समय तक ऐसा ही मौसम रहा तो फसलें होंगी खराब
- मौसम वैज्ञानिक बोले : दो दिन में साफ हो जाएगा मौसम, इसके बाद होगी तेज ठंड
जिले मेें लगातार तीसरे दिन सोमवार को कोहरा रहा। इधर, ऐसे मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का मानना है कि कुछ दिन और ऐसा ही मौसम रहा तो फसलें बर्बाद हो जाएंगी। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक और कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को चिंता ना करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि अभी फसलों को काेई नुकसान नहीं है। ऐसा मौसम ज्यादा दिन नहीं रहेगा।
सोमवार को शहर में कोहरा इतना ज्यादा घना था कि दृश्यता महज 50 से 200 मीटर तक ही रह गई। ग्रामीण अंचलों का हाल भी ऐसा ही था। फसलों पर सुबह ओस की बूंदें जमा हो गईं। ऐसा लग रहा था जैसे बारिश हुई हो। इस मौसम से किसानों में भी चिंता का माहौल है।
ग्राम चून के किसान कारूलाल पाटीदार ने बताया कि ज्यादा कोहरा होने से फसलों का नुकसान होना तय है लेकिन अभी फसलें सुरक्षित हैं। यदि ऐसा ही मौसम ज्यादा दिनों तक बना रहता है तो नुकसान होगा। सबसे पहले सरसों के लिए ये मौसम अच्छा नहीं है। फूल आ चुके हैं जो झड़ जाएंगे। आंबा के किसान शंकरलाल पाटीदार ने बताया मौसम को देख सभी किसान चिंतित हैं। यदि लंबे समय तक ऐसा ही मौसम रहा तो फसलों के लिए नुकसानदायक है।
आम्बा में सुबह 11.05 तक रहा छाया रहा कोहरा, वाहनों की रफ्तार में आई कमी
आम्बा | सोमवार को सुबह 11.05 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। सूर्य भगवान के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन भरी सर्दी का एहसास करवा दिया। कोहरा छाये रहने के कारण ड्राइवरों ने वाहन काफी धीमी गति से चलाए। आसमान में बादल छटने के बाद और सर्दी बढ़ेगी। रबी की फसलों को ठंड से फायदा होगा। फिलहाल तो फसलों को नुकसान नहीं है। लंबे समय तक ऐसा मौसम बना रहा तो फसलों को नुकसान की आशंका है। फोटो-सोमेश सांकला
मौसम एक्सपर्ट : गुजरात के तट पर साइक्लोन बनने से ऐसा मौसम
मौसम वैज्ञानिक डीपी दुबे ने बताया कि गुजरात कोस्ट पर साइक्लोन बनने से ऐसा मौसम हुआ है। साइक्लोन दमदार नहीं है लेकिन नमी भरपूर आ रही है इसलिए मौसम में ये बदलाव देखने को मिला है। ऐसा मौसम ज्यादा लंबा नहीं रहेगा। दो दिन तक कोहरा रहने के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। फिर तेज ठंड होने के आसार हैं।
कृषि एक्सपर्ट : जो सिंचाई नहीं कर पा रहे थे, उन्हें मौसम का फायदा मिलेगा
कृषि विशेषज्ञ जीएस मोहनिया ने बताया कि इस मौसम से अभी फसलों को काेई नुकसान नहीं है। जो लोग सिंचाई नहीं कर पा रहे थे, उन्हें फायदा ही होगा। अभी सिंचाई की आवश्यकता भी नहीं है। ये मौसम लंबा नहीं रहेगा, इसलिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

फसलों पर छाई ओस की बूंदे।