IND VS AUS: विराट कोहली का रन आउट होना टर्निंग प्वाइंट- नाथन लायन (PC-AP)
एडिलेड टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 233 रन बनाए, विराट कोहली (Virat Kohli) 74 के स्कोर पर रन आउट हो गए
विराट कोहली के रन आउट होने से गदगद ऑस्ट्रेलिया
लायन ने पहले दिन के खेल के बाद वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह बेहद महत्वपूर्ण था. इस तरह से विकेट हासिल करना और वह भी विराट का तो यह महत्वपूर्ण मोड़ था. वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था इसलिए इस तरह से विकेट मिलने से बहुत खुशी हुई. ‘ लायन से कोहली और चेतेश्वर पुजारा (160 गेंदों पर 43 रन) के साथ जंग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इन दोनों की बल्लेबाजी शैली भिन्न है और वह चुनौती का लुत्फ उठाते हैं. उन्होंने कहा, ‘यह अच्छा था. अच्छी बातचीत भी हुई लेकिन यह जंग दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ थी. पहले दिन के विकेट पर यह बहुत बड़ी चुनौती थी. उनकी (कोहली और पुजारा) स्पिन गेंदबाजी खेलते हुए शैली और रवैया भिन्न है. मुझे हमेशा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों के खिलाफ चुनौती पसंद आती है. ‘ लायन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया गुरुवार के खेल से खुश है.
एडिलेड में बहुत कुछ करना बाकी-लायनपुजारा को आउट करने वाले लायन ने कहा, ‘निश्चित तौर पर संतोषजनक दिन रहा लेकिन हम और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे. हम अभी जिस स्थिति में हैं उससे खुश हैं लेकिन हम गेंदबाजी इकाई के तौर पर और बेहतर कर सकते हैं. हम खुश हैं लेकिन अभी काफी कुछ करना बाकी है. ‘
पुजारा ने की लायन की तारीफ
डिनर ब्रेक के बाद नाथन लायन और पुजारा के बीच गजब की जंग देखने को मिली और भारतीय बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर की पिछले पांच वर्षों में विश्वस्तरीय गेंदबाज बनने के लिये प्रशंसा की. पुजारा ने कहा, ‘उसने गेंदबाजी में काफी सुधार किया है. उसकी लाइन व लेंथ वास्तव में सुधरी है. वह चुनौती पसंद करता है और उसका सामना करते हुए आपको भी उस चुनौती का सामना करने के लिये तैयार होना पड़ता है. ‘